देश के विकास के लिए पीएम नरेंद्र मोदी ने दिया 'टीम इंडिया' का मंत्र
(Depalpur, Indore) इंदौर में गुरुवार को ग्‍लोबल इन्‍वेस्‍टर्स समिट को संबोधित करते हुए नरेंद्र मोदी ने कहा कि टीम इंडिया विकास को नई ऊंचाई पर ले जा सकती है। केंद्र और राज्‍यों के बीच 36 का आंकड़ा नहीं होना चाहिए। देश की ताकत राज्‍यों में है। मेरे साथ सभी मुख्‍यमंत्री मिलकर काम करें। देश का सही मायने में विकास राज्‍यों में ही छिपा है। केंद्र और राज्‍य एक दूसरे के पूरक हैं। मोदी ने कहा कि टीम इंडिया का मतलब पीएम और सभी राज्‍यों के सीएम हैं। राज्‍यों को विकास के लिए प्रोत्‍साहित करना केंद्र की जिम्‍मेदारी है। केंद्र सरकार हर राज्‍य के साथ खड़ी है। उन्‍होंने कहा कि सही नेतृत्‍व और इरादे से बीमारू राज्‍य भी प्रगतिशील हो सकता है। मध्‍य प्रदेश की सरकार ने ऐसा करके दिखाया है। दो फीसदी ग्रोथ रेट वाले राज्‍य ने नौ फीसदी ग्रोथ रेट हासिल कर लिया है। एमपी की ग्रोथ रेट दस साल से नौ फीसदी है। वहीं, एमपी में दस साल में सिंचाई भूमि चौगुनी हो गई है। ऐसा करके मध्‍य प्रदेश ने पूरे देश को दिशा दिखाई है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि हमें छोटे छोटे उद्योगों का जाल बिछाना है। भारत के विकास के बिना दुनिया का विकास संभव नहीं है। विकास के एजेंडे में रोजगार सृजर को शीर्ष प्राथमिकता दी गई है। पीएम ने निवेशकों से कहा कि भारत में बहुत अवसर हैं, इसे सिर्फ बाजार न समझें। निजी-सार्वजनिक भागीदारी को प्रोत्साहित किया जाएगा। भारत में 100 अरब डालर के विदेशी निवेश के प्रस्ताव मिले हैं।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।