हुदहुद’ 12 अक्तूबर को आंध्रप्रदेश को पार करेगा, तेज बारिश के आसार
(KARNATAKA, India) भारतीय मौसम विभाग के बुलेटिन में कहा गया है कि आज सुबह 8 बज कर 30 मिनट के आसपास चक्रवात गोपालपुर से 780 किमी दक्षिण दक्षिण पूर्व की ओर तथा विशाखापट्नम से 770 किमी दक्षिण पूर्व में था। कल पूर्वाह्न 11 बज कर 30 मिनट पर यह चक्रवात गोपालपुर से 1100 किमी दक्षिण पूर्व में और विशाखापटनम से 1150 किमी पूर्व-दक्षिण पूर्व में था। बुलेटिन में कहा गया है ‘चक्रवात लगातार पश्चिम-उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ेगा, अगले 12 घंटे में यह भीषण चक्रवाती तूफान का रूप ले लेगा और उसके बाद 24 घंटे के दौरान यह प्रचंड हो जाएगा। 12 अक्तूबर को दोपहर के पहले तक यह चक्रवात उत्तरी आंध्रप्रदेश के तटीय हिस्से को पार कर जाएगा।’ बहरहाल, अंडमान निकोबार द्वीपसमूह के उपर इस चक्रवात की वजह से ‘किसी प्रतिकूल मौसम का पूर्वानुमान न होने’ के कारण इस द्वीपसमूह के लिए ‘डी-वार्निंग’ जारी की गई है। मौसम विभाग ने उत्तरी आंध्रप्रदेश के तटीय हिस्से और दक्षिणी ओडिशा के लिए तेज बारिश होने की चेतावनी जारी की है। बुलेटिन में यह भी कहा गया है ‘चक्रवात के प्रभाव की वजह से 11 अक्तूबर की शाम से दक्षिणी ओडिशा के ज्यादातर इलाकों में भारी बारिश (6.5 सेमी से 12.4 सेमी), कुछ इलाकों में अत्यधिक बारिश (12.5 सेमी से 24.4 सेमी) और कुछ में बहुत ही भीषण बारिश (24.5 सेमी से अधिक) हो सकती है । उत्तर तटीय आंध्रप्रदेश के विशाखापटनम, विजयनगरम, श्रीकाकुलम जिलों में भी इसी तरह बारिश होगी।’ मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी आंध्रप्रदेश और दक्षिणी ओडिशा के तटीय हिस्सों में हवाओं की गति 50 से 60 किमी प्रति घंटा हो रही है जो 11 अक्तूबर की सुबह तक 70 किमी प्रति घंटा तक हो जाएगी। इसके बाद 12 अक्तूबर से हवाओं की गति 130140 किमी प्रति घंटा और फिर 150 किमी प्रति घंटा तक हो जाएगी।’

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।