राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने कैलाश सत्यार्थी को दी बधाई
(DELHI, India) राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान में मुखर्जी ने कहा, ‘इस पुरस्कार को बाल श्रम जैसी जटिल सामाजिक समस्याओं के समाधान में भारत के नागरिक समाज के योगदान को मान्यता देने और देश से बाल श्रम के सभी रूपों को समाप्त करने में सरकार के साथ सहयोग की उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के रूप में देखा जाना चाहिए।’
प्रधानमंत्री ने सत्यार्थी को नोबेल पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की घोषणा का स्वागत करते हुए ट्वीट कर कहा, ‘नोबेल पुरस्कार जीतने के लिए कैलाश सत्यार्थी को बधाई। पूरे राष्ट्र को उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर गर्व है। कैलाश सत्यार्थी ने अपना पूरा जीवन सारी मानव जाति के अत्यधिक प्रासंगिक उद्देश्य के लिए समर्पित कर दिया। मैं उनकी प्रतिबद्धतता को सलाम करता हूं।’ पाकिस्तान की मलाला यूसुफज़ई को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ‘उनकी (मलाला) जीवन यात्रा अपार साहस और धैर्य से भरी है। नोबेल पुरस्कार के लिए मैं मलाला को बधाई देता हूं।’ भारत के कैलाश सत्यार्थी और पाकिस्तान की मलाला यूसुफजई को आज 2014 के लिए शांति का नोबेल पुरस्कार संयुक्त रूप से देने की घोषणा की गई। दोनों को यह पुरस्कार उप महाद्वीप में बाल अधिकारों को प्रोत्साहित करने के उनके कार्य के लिए प्रदान किया जाएगा।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।