शिवसेना का मोदी और बीजेपी पर बड़ा हमला, 'नमो' के पिता के नाम पर मारे ताने
(MAHARASHTRA, India) शिवसेना ने पार्टी के मुखपत्र सामना में एक बार फिर मोदी पर प्रहार करते हुए बीजेपी को असली दुश्‍मन बताया है। वहीं, शिवसेना ने पीएम मोदी के पिता के नाम पर भी ताने मारे और कहा कि हमारे समर्थन के बिना मोदी के पिता भी बहुमत नहीं दिला पाते। सामना में लिखे संपादकीय में शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने कहा कि अकेले बीजेपी के नाम पर तो जनादेश नहीं मिला था। नरेंद्र मोदी मतलब निकल गया तो पहचानते ही नहीं सरीखे 'मोड' में आ गए हैं। इसलिए बीजेपी का ढोंग सामने लाना हमारा कर्तव्‍य है। उद्धव ठाकरे ने कहा कि शिवसेना प्रमुख (बालासाहेब) की नकल के बलबूते 'नमो' का सियासी उदय हुआ और अब वे उसी के खात्‍मे की योजना बनाने लगे हैं। सामना में लिखा है कि बीजेपी ने महाराष्ट्र चुनाव में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। प्रधानमंत्री मोदी और उनके पूरे मंत्रीमंडल ने शिवसेना को हराने का बीड़ा उठाया है। बीजेपी को पाकिस्तान को हराने के लिए केंद्र में बिठाया गया था, लेकिन वो खुद पाक विरोधियों की जड़ खोदने में लग गई है। राज्यों के बीजेपी सांसदों और मंत्रियों को बीजेपी ने चुनाव मैदान में उतारा है। खुद देश के प्रधानमंत्री, गृहमंत्री और केंद्रीय मंत्रीमंडल की फौज महाराष्ट्र में उतरी है और शिवसेना को हराने का बीड़ा उठाया है। उद्धव ने बीजेपी पर महाराष्ट्र में गुजरातियों को बहकाने का आरोप लगाया है। उन्होंने यह भी लिखा है कि बीजेपी मुलायम-लालू की तरह जातिवाद और प्रांतवाद की राजनीति कर रही है। गौर हो कि जबसे शिवसेना और बीजेपी का गठबंधन टूटा है तबसे सामना में लगातार बीजेपी और पीएम मोदी पर हमला किया जा रहा है। शिवसेना ने यह भी कहा कि सत्ता के लोभ की दुविधा में बहककर भाजपा ने 25 साल पुराना रिश्ता तोड़ा है। शिवसेना की ओर से मराठी अस्मितता का मुद्दा उठाकर भाजपा को घेरने की कोशिश की गई है। मराठी हित की दुहाई देकर वोट मांग रहे बीजेपी के नेता येदियुरप्पा और मनोहर पर्रिकर जैसे नेता से चुनाव प्रचार करवा रहे थे। इस आलेख में शिवसेना ने कांग्रेस और एनसीपी को मरा हुआ सांप बताया है।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।