हुदहुद का प्रभाव : उत्तर भारत में बारिश से तापमान में कमी
(DELHI, India) राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार सुबह आसमान में बादल छाये हुए थे और ठंडी हवाएं चल रही थीं। यहां अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसतन तापमान से चार डिग्री कम था। न्यूनतम तापमान 21.8 डिग्री रहा। भारतीय मौसम विभाग के निदेशक बी पी यादव ने बताया ‘बारिश और फिर तापमान में कमी का कारण हुदहुद चक्रवात का असर था। यह चक्रवात पूर्वी उत्तर प्रदेश के उपर दबाव के एक क्षेत्र के तौर पर और जम्मू कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ के तौर पर था। बहरहाल, यह प्रभाव खत्म हो चुका है।’ मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सफदरजंग, लोदी रोड, रिज, पालम और आयानगर इलाकों में कल रात साढ़े आठ बजे से आज सुबह साढ़े आठ बजे के मध्य बारिश हुई। सफदरजंग वेधशाला ने आज दोपहर दो बज कर 30 मिनट के आसपास 1.6 मिमी बारिश दर्ज की गई। पूर्वी उत्तर प्रदेश और राज्य के पश्चिमी हिस्सों में कुछ स्थानों पर बीते 24 घंटे में बारिश हुई और बादल भी खूब गरजे। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में बारिश संबंधी घटनाओं में दो व्यक्तियों की जान भी चली गई। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर बहुत ज्यादा बारिश हुई।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।