(DELHI, India)
जल संसाधन मंत्री उमा भारती और शहरी विकास मंत्री एम वेंकैया नायडू के बीच आज हुई बैठक में पांच राज्यों के 118 शहरों में गैर शोधित जलमल को गंगा में बहाए जाने के विषय पर चर्चा हुई। शहरी विकास मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि दोनों मंत्रियों ने गंगा में प्रदूषण के विषय और इस समस्या से निपटने के लिए संभावित कदमों पर चर्चा की। अधिकारी ने बताया कि दोनों मंत्रियों ने महसूस किया कि उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल की सरकारों के बीच नदी के तट पर स्थित 118 नगरों एवं शहरों से गंगा में होने वाले प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए योजना बनाने और अमल करने के लिए सक्रिय सहयोग की जरूरत है। उन्होंने कहा कि दोनों ने पांच राज्यों के शहरी विकास मंत्रियों की बैठक के साथ शहरी विकास प्रधान सचिवों तथा 118 शहरी निकायों के अध्यक्षों, आयुक्तों एवं महापौरों की बैठक बुलाने पर सहमति जतायी। बैठक में गंगा की सफाई के लिए उठाये जाने वाले कदमों के बारे में जानकारी दी जायेगी। दोनों मंत्रालयों के सचिवों से सभी संबंधित स्थानीय निकायों की बैठक बुलाने की रूपरेखा तय करने को कहा गया है।
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।