महाराष्ट्र में BJP सबसे बड़ी पार्टी लेकिन गठबंधन की होगी जरूरत, हरियाणा में मिला पूर्ण बहुमत
(DADRAandNAGAR, India) महाराष्ट्र और हरियाणा में अभी कांग्रेस की सरकारें हैं, लेकिन विधानसभा चुनावों की मतगणना के अब तक प्राप्‍त रुझान के मुताबिक दोनों राज्यों में कांग्रेस की पराजय निश्चित है। महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनाव की मतगणना में अब तक आए रुझानों के अनुसार भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को पूर्ण बहुमत मिला है। रुझानों में पार्टी ने बहुमत हासिल कर लिया है। वहीं, महाराष्‍ट्र के रुझानों में बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है लेकिन बहुमत से दूर है। ऐसे में बीजेपी को सरकार बनाने के लिए गठबंधन की जरूरत पड़ेगी। महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव की मतगणना में 288 सीटों पर अब तक प्राप्त रुझानों में बीजेपी 122 सीटों पर आगे चलते हुए सबसे बड़े दल के रूप में उभर रही है। वहीं, शिवसेना 55 सीटों पर आगे चल रही है। जबकि कांग्रेस 41 सीटों पर, एनसीपी 45 सीटों पर, एमएनएस 1 सीट और अन्‍य दल 13 सीटों पर आगे चल रहे हैं।
वहीं, हरियाणा में बीजेपी ने अब तक प्राप्‍त रुझानों के अनुसार बहुमत हासिल कर लिया है। हरियाणा की कुल 90 विधानसभा सीटों पर बीजेपी 49 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं, इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) 18 सीटों और कांग्रेस 14 सीटों पर आगे चल रही है। हजकां 2 सीट पर और अन्‍य दल 7 सीटों पर आगे चल रहे हैं।
महाराष्‍ट्र :
- प्रदेश भाजपा अध्यक्ष देवेन्द्र फड़नवीस नागपुर (दक्षिण पूर्व) सीट से जीते।

- निपहद सीट पर शिवसेना के वर्तमान विधायक अनिल साहेबराव कदम ने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी भाजपा के वैकुंठ पाटिल को 3921 मतों से पराजित कर कब्जा बरकरार रखा।

- मालेगांव मध्य सीट पर कांग्रेस के शेख आसिफ शेख राशिद ने जीत दर्ज की। राशिद ने अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी एनसीपी के मुफ्ति मोहम्मद इस्माइल कासमी को 18 हजार मतों से पराजित किया।

- तटीय कोंकण की कुदाल सीट से कांग्रेस के नारायण राणे हारे। शिवसेना के वैभव नाइक ने राणे को पराजित किया।

-एनसीपी नेता छगन भुजबल ने नासिक जिले की येओला सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वन्द्वी शिवसेना के संभाजी पवार को 46,442 मतों से पराजित किया।

-बारामती से पूर्व उपमुख्यमंत्री और एनसीपी नेता अजीत पवार जीते।

हरियाणा :

- हरियाणा के मुख्‍यमंत्री भूपेन्‍द्र सिंह हुड्डा किलोई सीट से जीते।
- हरियाणा में बीजेपी विधायक दल के नेता और अंबाला केंट सीट से पार्टी प्रत्याशी अनिल विज ने कांग्रेस के निर्मल सिंह को 15,462 मतों से हराया।
-हरियाणा की मंत्री और कांग्रेस प्रत्याशी गीता भुक्कल ने झज्जर (सु) विधानसभा सीट पर इनेलो के साधु राम को 26,584 मतों से हराया।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।