(DELHI, India)
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में भाजपा के सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरने और हरियाणा में स्पष्ट बहुमत मिलने के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि दोनों राज्यों में भाजपा सरकार बनाने जा रही है और मुख्यमंत्री भी भाजपा का ही होगा। आज शाम भाजपा मुख्यालय में नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में संसदीय बोर्ड की बैठक होगी जिसमें सभी मुद्दों पर फैसला ले लिया जाएगा। दोनों राज्यों में स्थिति साफ होने के बाद अपराह्न करीब चार बजे पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि दोनों राज्यों में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। इसके साथ ही हमारी पार्टी का कांग्रेस मुक्त भारत बनाने का अभियान दो कदम और आगे बढ़ गया है। शाह ने कहा कि दोनों राज्यों में कांग्रेस विपक्ष की हैसियत पाने लायक आंकड़े भी नहीं जुटा सकी। कांग्रेस दोनों राज्यों में तीसरे नंबर पर चली गई है। यह जीत भाजपा की नहीं, दोनों प्रदेशों की जनता की जीत है। यह जीत बताता है कि नरेंद्र मोदी भारत के निर्विवाद नेता हैं। महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री के नाम पर अमित शाह ने कहा कि थोड़ा इंतजार कीजिए, सब कुछ तय हो जाएगा। शाम तक महाराष्ट्र में सरकार बनाने का रास्ता साफ हो जाएगा। एनसीपी से समर्थन के सवाल पर शाह ने कहा कि प्रफुल्ल पटेल ने इतना ही तो कहा है कि जो सबसे बड़ी पार्टी होती है वही तो सरकार बनाती है। शिवसेना से गठबंधन के मुद्दे पर शाह ने कहा कि शिवसेना से गठबंधन तोड़ने का फैसला भाजपा का नहीं था, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं की बलि चढ़ाकर गठबंधन नहीं बना रह सकता है।
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।