महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनावों में ऐतिहासिक प्रदर्शन के बाद भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने नए प्रदेश प्रभारियों की नियुक्ति करते हुए त्रिवेंद्र सिंह रावत को झारखंड़ और अविनाश राय खन्ना को जम्मू-कश्मीर का प्रभारी बनाया है जहां अब अगले विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा ने 28 प्रदेशों और केंद्र शासित प्रदेशों के लिए प्रभारियों की नियुक्ति की है। महाराष्ट्र में भाजपा के प्रभारी रहे राजीव प्रताप रूडी को अब आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में पार्टी की कमान सौंपी गई है। भाजपा महाराष्ट्र में हाल में हुए विधानसभा चुनावों में सबसे बड़े दल के तौर पर उभरी है। प्रभाष झा को दिल्ली का प्रभारी बरकरार रखा गया है। शाह ने ओम माथुर को उत्तर प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। लोकसभा चुनाव में यह जिम्मेदारी शाह ने निभाई थी और पार्टी को वहां रिकार्ड 73 सीटें मिली थी। श्रीकांत शर्मा को हिमाचल प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है जबकि महासचिव जेपी नड्डा को महाराष्ट्र के साथ-साथ राजस्थान का भी प्रभार दिया गया है। भाजपा अध्यक्ष ने भूपेंद्र यादव को बिहार का प्रभारी बनाया है। बिहार में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। विनय सहस्रबुद्धे को मध्य प्रदेश, डा. अनिल जैन को हरियाणा, श्याम जाजू को उत्तराखंड और प्रो. रामशंकर कथेरिया को छत्तीसगढ़ और पंजाब की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी तरह सिद्धार्थ नाथ सिंह को पश्चिम बंगाल, अरुण सिंह को केरल, पी मुरलीधर राव को कर्नाटक, महेंद्र सिंह को असम, डा. दिनेश शर्मा को गुजरात, एच राजा को केरल, पीके कृष्णदास को तेलंगाना का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।