(JAMMUandKASHMIR, India)
दीवाली के त्यौहार पर जम्मू कश्मीर के बाढ़ प्रभावित लोगों के साथ कुछ क्षण बिताने के लिए श्रीनगर जाने से पूर्व मोदी ने सियाचिन का दौरा किया। दौरे पर रवाना होने से पहले मोदी ने ट्विट किया, ‘मित्रों, मैं सियाचिन ग्लेशियर जा रहा हूं। यह मेरे लिए सौभाग्य की बात है कि मैं इस विशेष दिन पर हमारे बहादुर सैनिकों के साथ कुछ समय बिता पाऊंगा।’ उन्होंने कहा, ‘मैं प्रत्येक भारतीय की ओर से यह संदेश लेकर सियाचिन जा रहा हूं कि हम आपके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।’ देश के पहरेदारों की सराहना करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘चाहे यह ऊंचाई हो या भीषण ठंड, हमारे सैनिकों को कोई नहीं रोक सकता। वे वहां खड़े हैं और देश की सेवा कर रहे हैं। वे हमें सही मायने में गौरवान्वित कर रहे हैं।’ सियाचिन के संक्षिप्त दौरे के बाद मोदी बाढ़ पीड़ितों से मिलने के लिए श्रीनगर जाएंगे। मोदी ने माइक्रो ब्लागिंग साइट ट्विटर पर लिखा, ‘सियाचिन दौरे के बाद मैं श्रीनगर का अपना पूर्व निर्धारित दौरा जारी रखूंगा और हाल ही में आयी बाढ़ से प्रभावित लोगों के साथ समय बिताऊंगा।’ उन्होंने आगे कहा, ‘हर किसी को सियाचिन के कठिन हालात के बारे में जानकारी है। हर चुनौती से पार पाते हुए हमारे सैनिक अडिग खड़े हैं, हमारी मातृभूमि की रक्षा कर रहे हैं।’
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।