एनएसए अजीत डोभाल ने बर्दवान विस्फोट स्थल का जायला लिया, ममता से करेंगे मुलाकात
(WESTBENGAL, India) अजीत डोभाल ने विस्‍फोट स्‍थल का मुआयना किया। इसके बाद वे मुख्‍यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात करेंगे। डोभाल एनएसजी के महानिदेशक जयंत चौधरी और एनआईए के महानिदेशक शरद कुमार के साथ भारतीय वायुसेना के विशेष विमान से नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पहुंचे और तत्काल ही एक हेलीकॉप्टर के जरिए बर्दवान के लिए निकल गए। वहां पहुंचने के बाद उन्‍होंने विस्‍फोट स्‍थल पर जाकर मुआयना किया और जांच प्रगति का जायजा लिया। राज्य सचिवालय के सूत्रों ने कहा था कि डोभाल मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों से राज्य के सचिवालय में आज मुलाकात कर सकते हैं। एनआईए ने शुक्रवार को कहा था कि गिरफ्तार किए गए लोग और उनके सहायक आतंकी समूह जमात-उल-मुजाहिद्दीन बांग्लादेश के सदस्य हैं, जो कि संभावित आतंकी हमलों के लिए पड़ोसी देश में भेजने के लिए आईईडी बना रहे थे। आज का यह दौरा केंद्र सरकार के उस फैसले के तहत हुआ है जिसके अनुसार बांग्लादेश को रिपोर्ट भेजने का निर्णय लिया गया है। बांग्लादेश की ओर से इस संबंध में अनुरोध किया गया था। एनआईए के महानिदेशक ने जांच की समीक्षा के लिए एवं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी की रणनीति विकसित करने के लिए बीते शुक्रवार को बर्दवान और मुर्शिदाबाद का दौरा किया था। एनआईए ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया था और उनसे पूछताछ की थी। गिरफ्तार लोगों में दो महिलाएं भी शामिल थीं और एक महिला विस्फोट में मारे गए संदिग्ध आतंकी की पत्नी है

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।