(India)
बर्दवान विस्फोट से इस आतंकी संगठन की भारत भर में उपस्थिति होने के संकेतों के बीच यह आदेश दिया गया है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल द्वारा गृह मंत्री को देश में फैले जेएमबी नेटवर्क और उसके साथ जुड़े लोगों की जानकारी देने के बाद सिंह ने यह आदेश दिया है। डोभाल ने कल राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड प्रमुख जयंत चौधरी और राष्ट्रीय जांच एजेंसी प्रमुख शरद कुमार के साथ बर्दवान में हुए विस्फोट स्थल का दौरा किया था। इस दौरे के बाद उन्होंने गृह मंत्री को पश्चिम बंगाल में हुए इस विस्फोट को लेकर हुई अब तक की तहकीकात के बारे में जानकारी दी। गृह मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया, ‘गृह मंत्री ने एनएसए को आदेश दिया है कि इस आतंकी मॉड्यूल को निष्प्रभावी करने के फौरन कदम उठाए जाएं।’ बर्दवान विस्फोट मामले की छान-बीन कर रहे जांचकर्ताओं ने पाया कि जेएमबी के देश भर में, खासकर, पश्चिम बंगाल, असम और दक्षिण भारत में 25 से 30 मॉड्यूल होने की आशंका है। विस्फोट स्थल का दौरा करने के बाद डोभाल के साथ एनएसजी और एनआईए प्रमुखों ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से भी मुलाकात की। उन्होंने पश्चिम बंगाल में जेएमबी आतंकी संगठन के क्रियाकलापों को रोकने के लिए केन्द्रीय और राज्य की एजेंसियों के बीच नजदीकी सहयोग की जरूरत बताई। डोभाल और तीन शीर्ष अधिकारियों ने उस कमरे का जायज़ा लिया जहां 2 अक्तूबर को विस्फोट हुआ था और जिसमें दो संदिग्ध आतंकी मारे गए थे। उन्होंने उस कमरे का भी अवलोकन किया जिसे संदिग्ध आतंकवादी संभवत: विस्फोटक आदि बनाने की प्रयोगशाला के रूप में काम में लाते थे। एनआईए का कहना है कि बर्दवान विस्फोट मामले में पकड़े गए आरोपी और उनके सहयोगी जेएमबी के सदस्य हैं। ये लोग विस्फोटक बनाते थे और आतंकी हमलों के लिए उन्हें बांग्लादेश भेजते थे। इन विस्फोटकों (आईईडी) को बनाते समय दो बांग्लादेशियों शकील अहमद और सुवोन मंडल उर्फ सुभान की मृत्यु हो गई। अब्दुल हकीम उर्फ हसन नामक एक अन्य व्यक्ति इसमें घायल हुआ। हसन सहित चार व्यक्तियें को इस मामले में गिरफ्तार किया गया है जिनमें दो महिलाएं हैं।
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।