पटेल की जयंती पर दौड़ा देश, 'रन फॉर यूनिटी' के लिए राजपथ पर PM मोदी भी दौड़े
(DELHI, India) दिल्ली में इस दौड़ को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। पटेल की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। दिल्ली में यह दौड़ विजय चौक से लेकर इंडिया गेट तक आयोजित की गई है। रन फॉर यूनिटी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी दौड़ रहे हैं। राजपथ पर पीएम मोदी हजारों लोगों के साथ दौड़ रहे हैं। उनके साथ वेंकैया नायडू समेत कई मंत्री भी दौड़ रहे है। इस मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि इतिहास पुरुष आने वाली पीढ़ियों में नई उमंग भरते हैं। सरदार पटेल ने किसानों को आजादी के आंदोलन से जोड़कर अंग्रेजी सल्तनत को हिला दिया था। वह देश की एकता के लिए समर्पित थे। उन्होंने देश को एकता के सूत्र में बांधा था। सरदार और गांधी जोड़ी अद्भुत थी। पीएम ने यह भी कहा कि विरासत को वैचारिक दायरे में न बांटें। हमें एकता का मंत्र लेते हुए आगे बढ़ना है। राजपथ से शुरू होकर इंडिया गेट पर खत्म होने वाली इस दौड़ में 10 हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए। राजधानी दिल्ली के अलावा कई दूसरे शहरों में भी इसी तरह की दौड़ का आयोजन किया गया है। 'रन फॉर यूनिटी' का मकसद लोगों में एकता और भाईचारा बढ़ाना है। सरकार की ओर से इसके जरिये पटेल के विचारों को भी लोगों तक पहुंचाने की कोशिश में है। मोदी ने सुबह 7:30 बजे संसद मार्ग स्थित पटेल चौक पर स्वतंत्र भारत के प्रथम गृहमंत्री की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की जिसके बाद विजय चौक पर ‘ रन फॉर यूनिटी ’ के सहभागियों को संबोधित किया। मोदी ने सुबह 8 बजे एकता शपथ दिलाई। विजय चौक से इंडिया गेट तक दौड को सवा आठ बजे मोदी ने हरी झंडी दिखाई। गौर हो कि सरकार ने घोषणा की थी कि वह हर साल 31 अक्तूबर को पटेल की जयंती भारत को संगठित करने के उनके प्रयासों को श्रद्धांजलि देते हुए राष्ट्रीय एकता दिवस के रुप में मनाएगी

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।