कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा भंग कर जल्द चुनाव कराने की मांग की
(DELHI, India) उप राज्यपाल नजीब जंग से मुलाकात के बाद कांग्रेस नेता हारून यूसुफ ने कहा कि दिल्ली की जनता त्राहि-त्राहि कर रही है और इसलिए यहां जल्द से जल्द विधानसभा को भंग करके दोबारा चुनाव कराने की जरूरत है, ताकि जनता की समस्याओं को दूर किया जा सके। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी और बीजेपी दोनों दोमुंही बातें करते हैं। बगैर चुनाव के यहां सरकार का गठन हो पाना नामुमकिन है। दिल्ली में फिर से विधानसभा चुनाव होना तय लग रहा है। सोमवार को बीजेपी ने सरकार बनाने से कदम पीछे खींच लिए और इस तरह से फिर से चुनाव की संभावना बढ़ गई है। इस बीच, आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के उप राज्यपाल की ओर से आए मुलाकात के न्योते को ठुकरा दिया। दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने दिल्ली में सरकार गठन को लेकर बातचीत के लिए आज शाम राजनीतिक दलों को बुलाया है। सूत्रों के मुताबिक, बीजेपी ने एलजी को बता दिया है कि वह सरकार बनाने की स्थिति में नहीं है और नए सिरे से चुनाव के पक्ष में है। इससे दिल्ली में फिर विधानसभा चुनाव होने का रास्ता साफ हो गया है। सूत्रों के मुताबिक आज या कल में चुनावों की घोषणा हो सकती है। दूसरी तरफ अरविंद केजरीवाल ने एलजी से बीजेपी का आधिकारिक रुख पूछा है और चिट्ठी सार्वजनिक करने की मांग भी की है।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।