(DELHI, India)
केंद्र ने कहा कि इस घटना की निष्पक्ष जांच करायी जाएगी तथा दोषी पाए गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। रक्षा मंत्री अरुण जेटली ने कहा, ‘कश्मीर घाटी में बड़गाम घटना बेहद अफसोसजनक है। निष्पक्ष जांच करायी जाएगी और दोषी पाए गए लोगों के खिलाफ कार्रवाई होगी।’ रक्षा मंत्री की यह टिप्पणी घटना के कुछ घंटों के भीतर आई है जिसमें सेना की गोलीबारी में दो नागरिक मारे गए तथा दो अन्य घायल हो गए। मध्य कश्मीर के बड़गाम जिले में जांच नाके पर कहे जाने के बावजूद वाहन को नहीं रोकने के कारण यह घटना हुई। सेना के प्रवक्ता कर्नल बृजेश पांडे के अनुसार, सुरक्षा बलों को जानकारी मिली थी कि उग्रवादी एक सफेद निजी कार में श्रीनगर के नौगांव इलाके से बड़गाम जिले के छत्रग्राम होते हुए पुलवामा जिले की ओर जा रहे हैं। उन्होंने बताया, ‘आतंकवादियों को पकड़ने के लिए इस रूट में वाहनों की जांच के लिए तीन जांच नाके लगाए गए। जिस कार में युवक सवार थे वह दो नाकों पर नहीं रूकी। उन्हें रूकने का इशारा किया गया था।’ कर्नल पांडे ने बताया, ‘छत्रग्राम में तीसरे नाके को तो वे तोड़ते हुए निकल गए जिसके बाद सुरक्षा बलों को उन पर गोली चलानी पड़ी।’
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।