चुनावी रंग में रंगे नीतीश
(India)
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार चुनावी रंग में रंगते नजर आ रहे हैं। अपने कार्यकाल की उपलब्धियों को याद करते हुए नीतीश ने कहा कि उन्होंने राज्य को विकास के रास्ते पर ले जाने के लिए हरसंभव प्रयास किया और भविष्य में मौका मिलने पर भी करेंगे। विद्यापति पर्व पर आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए नीतीश ने कहा, बिहार में अच्छी सड़कें नहीं थीं. गहरा बिजली संकट था और राज्य के नागरिकों को बाहरी लोगों के सामने अपनी पहचान जाहिर करने में संकोच होता था....लेकिन हमने इन विसंगतियों से उबरने के लिए कड़ी मेहनत की और बिहार को विकास के रास्ते पर ले गए। राज्य में बिजली की स्थिति सुधारे बिना 2015 में वोट नहीं मांगने का वायदा करने वाले नीतीश ने कहा कि बिहार में 2005 में केवल 600 मेगावाट बिजली थी. आज यह 2,900 मेगावाट पर पहुंच गई है और अगले साल तक 4,000 मेगावाट बिजली उत्पादन का लक्ष्य है. नीतीश कुमार नवंबर 2005 से जून 2014 तक बिहार के मुख्यमंत्री रहे. लोकसभा चुनावों में अपनी पार्टी की हार के बाद उन्होंने इस साल जून में मुख्यमंत्री के पद से इस्तीफा दे दिया. 2015 के विधानसभा चुनाव में वह जदयू का चेहरा होंगे।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।