दिल्ली में रफी मार्ग स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब में आम आदमी पार्टी की बैठक में शनिवार को जमकर हंगामा हुआ। इस मीटिंग को अरविंद केजरीवाल भी संबोधित करने वाले थे। लेकिन उससे पहले तरूण यादव नाम के एक शख्स ने आम आदमी पार्टी के नेता और पूर्व मंत्री गिरीश सोनी पर उसके मकान पर कब्जा करने का आरोप लगाया। इसके बाद हंगामा भड़का और आप कार्यकर्ताओं ने उसे मंच पर जाने से रोका। देखते ही देखते धक्का मुक्की होने लगी। हंगामा कर रहे युवक का कहना था कि पिछले साल इलेक्शन कैंपेन के समय उसने अपना मकान गिरीश सोनी को दफ्तर चलाने के लिए दिया था। साल भर बीत जाने के बावजूद गिरीश सोनी ने ये मकान अभी तक खाली नहीं किया है। उसके मुताबिक इस मामले में उसने कोर्ट में भी याचिका दी है और केजरीवाल से मिलने की कोशिश की। लेकिन उसे मिलने नहीं दिया गया। वही हंगामे के बारे में केजरीवाल का कहना है कि तरूण यादव ने उनसे संपर्क नहीं किया था। उन्होंने उल्टा आरोप लगाया कि उसे बीजेपी ने मीटिंग में हंगामा करने के लिए भेजा था। केजरीवाल ने इन आरोपों का भी खंडन किया कि उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कोई बदतमीजी की है।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।