हेयर स्टाइलिंग की दुनिया के बेताज बादशाह जावेद
जावेद हबीब के हाथों में कुछ ऐसा जादू है कि वो दुनिया के सबसे बेहतरीन हेयर स्टाइलिश में माने जाते हैं। यूं तो देश भर में मॉडर्न सैलूनों की भरमार है, लेकिन ऐसे लोग न के बराबर हैं, जो हेयर स्टाइल की बारीकियों को बखूबी समझते हों। जब भी हेयर स्टाइलिंग की बात आती है तो सबसे पहला भारतीय नाम जो जुबान पर आता है, वो है जावेद हबीब। जाने-माने फैशन हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब को ये लोकप्रियता यूं ही नहीं मिली है। यह उनकी लगन और मेहनत का नतीजा है। अपने प्रोफेशन के प्रति जबर्दस्त पैशन से लबरेज जावेद हबीब सोमवार को नागपुर आए हुए थे। उनकी तीन पीढ़ी इस व्यवसाय से जुड़ी रही है। जावेद के दादाजी नाजिर अहमद अपने समय के जाने-माने हेयर स्टाइलिस्ट थे। उनके ग्राहकों की सूची में भारत में ब्रिटिश शासन के अंतिम वायसराय लार्ड माउंटबेटन और आजाद भारत के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू भी शामिल थे। केश-सज्जा में अपना करियर बनाने वाले जावेद जेएनयू से फ्रेंच लिटरेचर में पोस्ट ग्रैजुएट हैं। उन्होंने लंदन के मौरिस स्कूल ऑफ हेयर ड्रेसिंग और लंदन स्कूल ऑफ फैशन से आर्ट एंड साइंस ऑफ हेयर स्टाइलिंग एंड ग्रूमिंग में दो साल का डिप्लोमा किया है। भारत में हेयर कलरिंग को लोकप्रिय बनाने का श्रेय उन्हें ही जाता है। जावेद की शोहरत की वजह से ही एक शैम्पू ने उन्हें अपना ब्रांड एंबेसडर चुना। जावेद का नाम लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज है। उन्होंने एक दिन में नॉन स्टॉप 410 हेयर कट्स को अंजाम दिया था। देश भर में जावेद हबीब के करीब 200 सैलून चल रहे हैं, जिनमें लगभग 700 हेयर स्टाइलिस्ट काम करते हैं। वो करीब 30 ट्राइकोलॉजी के स्कूल भी चला रहे हैं। भारत के अलावा मलेशिया और नेपाल में भी उनके इंस्टिट्यूट्स हैं। जावेद केश-सज्जा की कला को एक नई उंचाई तक ले जाने में काफी हद तक सफल रहे हैं। जावेद ने मुलाकात के दौरान हेयर स्टाइलिंग से जुड़ी कई खास बातें बताईं। उनका मानना है कि भारतीय अपने बालों को लेकर अभी ज्यादा जागरूक नहीं हुए हैं। लेखकों, पत्रकारों और नेताओं में अपने बालों के प्रति लापरवाह रवैये पर वो कहते हैं, जहां तक हेयर स्टाइलिंग का मामला है, ये दुनिया के अन्य हिस्सों की तुलना में पूरी तरह आउटडेटेड हैं। सबसे जरूरी है सही हेयर कटिंग। जावेद कहते हैं कि बालों को सही तरीके से काटा जाना पहली आवश्यकता है। इसके साथ ही उसकी सही देख-रेख करनी चाहिए। जावेद का मानना है कि इस ग्लोबल दौर में बालों का मॉडर्न तरीके से देखभाल करना बेहद जरूरी है। उन्होंने बालों को खूबसूरत बनाने के लिए कुछ आसान, मगर बेहद लाभकारी टिप्स शेयर किए, जिन्हें आजमाकर आप भी सुंदर हेयर स्टाइल अपना सकते हैं।
इस तरह रखें बालों को सेफ
-छह या आठ सप्ताह के बाद बालों को एक बार ट्रिम जरूर कराएं। आपके बाल लंबे हैं तो इसका मतलब यह नहीं कि आप उनमें कैंची न लगने दें। छोटे बालों की तरह लंबे बालों को भी सही शेप या आकार में रखना जरूरी है।
-अपने बालों में नियमित रूप से ब्लो ड्राई कराएं और साथ ही कंडीशनर का प्रयोग भी करें। ब्लो ड्राई हमेशा सिर के ऊपर से नीचे की ओर करें। इससे प्राकृतिक रूप से आपके बालों की चमक बनी रहती है। साथ ही फ्लैट (सीधे) ब्रश का पहले इस्तेमाल करें, फिर नीचे के बालों को गोल ब्रश से ब्लो ड्राई करें। याद रखें, यह प्रक्रिया बालों की जड़ से उनके सिरे तक हो।
-ब्लो ड्राई के बाद हमेशा बालों में थोडा सीरम इस्तेमाल करें। आपके चमकीले सुंदर बालों को कोई मात नहीं दे सकता।
-कभी-कभी आप हलके दबाव वाले आयरन का प्रयोग भी कर सकती हैं, लेकिन उसे बालों की जड़ों तक न ले जाएं। इससे आपके बाल उलझकर रूखे हो सकते हैं।
-अपने बालों के कुदरती रंग को बेहतर रूप देने के लिए हाईलाइट या लोलाइट का नियमित इस्तेमाल करें।
-हेयर स्प्रे का इस्तेमाल करते हुए बालों को उंगली की सहायता से मनचाहा आकार दें। इससे आपका हेयर स्टाइल आकर्षक बन जाएगा।
-ऐसा हेयर स्टाइल आजमाएं, जो आपको जवां, मोहक, नया और ग्लैमरस रूप दे। याद रखें, कोई भी हेयर स्टाइल आप आजमा सकती हैं।
जावेद हबीब के उपयोगी टिप्स
-बालों की सही कटिंग कराएं।
-बाल हमेशा साफ रखें।
-अच्छे शैम्पू से बालों को धोएं।
-हेयर डाई का सही तरीके से इस्तेमाल करें, वर्ना नुकसान हो सकता है। किसी अच्छे प्रोफेशनल की मदद लें या सही तरीका समझकर खुद भी डाई कर सकते हैं।
-मेहंदी एक अच्छा कंडीशनर है। इसे उचित तरीके से प्रयोग में लाएं।
-छोटे बालों को मैनेज करना आसान होता है। इसलिए बहुत ज्यादा लंबे बाल की अपेक्षा छोटे बाल रखना ज्यादा फैशनेबल है।
-आपके चेहरे का आकार चाहे जैसा भी हो, आप अपना मनपसंद स्टाइल अपना सकते हैं। चेहरे के आकार से बालों की डिजाइन पर कोई फर्क नहीं पड़ता।
-हरी सब्जियां और फलों का सेवन ज्यादा करें।
-तनाव से दूर रहें, हंसे-मुस्कराएं।
-अधिक मात्रा में पानी पिएं।
-मॉइश्चराइजिंग और कंडीशनिंग का ख्याल रखें।
-ड्राय एरियाज को रात में सोने से पहले डीप मॉइश्चराइजिंग करें।
-रेग्युलर शैम्पू के बजाय मॉइश्चराइजिंग शैम्पू यूज करें।
-हॉट शावर या गर्म पानी से बाल धोना अवॉइड करें।
-बाहर जाने से पहले बालों के प्रोटेक्शन का पूरा ख्याल रखें।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।