जापान में शक्तिशाली भूकंप से कई मकान ध्वस्त, 30 से अधिक घायल
(International) मध्य जापान के पहाड़ी इलाके का वह स्की रिजॉर्ट भूकंप से प्रभावित हुआ जहां वर्ष 1998 में शीतकालीन ओलंपिक (विंटर ओलंपिक) का आयोजन हुआ था। जापान की मौसम एजेंसी ने बताया कि कल नगानो शहर के पास स्थानीय समयानुसार रात करीब 10 बजे (अंतरराष्ट्रीय समयानुसार 13.00 बजे) 10 किमी (6 मील) की गहराई पर 6.8 तीव्रता का भूकंप आया। यूएस जियोलॉजिकल सर्वे ने भूकंप की तीव्रता 6.2 मापी है। भूकंप के बाद हालांकि सुनामी की कोई संभावना नहीं है। नगानो के पश्चिम में स्थित स्की शहर हकूबा के एक रेस्तरां मालिक रिओ निशिनो ने जापानी प्रसारक एनएचके को बताया कि भूकंप बहुत शक्तिशाली था और इमारतें हिल रही थीं। जापान के परमाणु नियामक प्राधिकरण ने बताया कि प्रभावित इलाके में तीन परमाणु उर्जा संयंत्र हैं जहां किसी असामान्य स्थिति की खबर नहीं है। जापान में वर्ष 2011 में 9.0 तीव्रता का भूकंप और फिर विनाशकारी सुनामी आने के बाद से सभी परमाणु संयंत्र बंद हैं। तब फुकुशिमा में दाई-इचाई संयंत्र के तीन रिएक्टर पिघल गए थे। कल जिस जगह पर भूकंप आया, फुकुशिमा वहां से करीब 250 किमी उत्तर पूर्व में है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।