(DELHI, India)
विपक्षी दलों ने धर्म परिवर्तन मामले को लेकर संसद के दोनों सदनों में हंगामा किया। हंगामे के कारण राज्यसभा की बैठक एक बार के स्थगन के बाद दोपहर बारह बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई। वहीं, कांग्रेस ने आज लोकसभा में धर्मांतरण का मुद्दा उठाया। उधर, तृणमूल कांग्रेस के सांसदों ने सारदा चिट फंड मामले में पश्चिम बंगाल के परिवहन मंत्री मदन मित्रा की गिरफ्तारी के मुद्दे पर आज लोकसभा में केंद्र सरकार पर सीबीआई के दुरुपयोग का आरोप लगाया और कार्यस्थगन का नोटिस अस्वीकार कर दिये जाने पर सदन से वाकआऊट किया। हालांकि, धर्मांतरण मुद्दे पर सरकार ने विपक्ष पर चर्चा से भागने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष ही इससे बच रहा है। उच्च सदन में कांग्रेस, जदयू, सपा, तृणमूल और वाम दलों के सदस्य यह मुद्दा उठा रहे थे। जदयू नेता शरद यादव ने कहा कि देश में हाहाकार और बेचैनी है। उन्होंने कहा कि सरकार को देखना चाहिए कि सदन के बाहर जो कुछ हो रहा है वह संविधान के विरूद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार को देखना चाहिए कि संसद के बाहर ऐसे बयान न दिए जाएं जिससे संविधान का उल्लंघन हो।
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।