(DELHI, India)
उत्तर प्रदेश में धर्म परिवर्तन के मामलों पर बुधवार को संसद में जमकर हंगामा हुआ। राज्यसभा में विपक्ष ने एकजुट होकर इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से बयान देने और संसद में आने की मांग को लेकर सदन नहीं चलने दिया। इसके चलते राज्यसभा की कार्यवाही बार-बार स्थगित करनी पड़ी। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहाकि, प्रधानमंत्री मोदी को भी घर वापसी की जरूरत है। हमने उन्हें संसद में बहुत कम देखा है। नेहरूजी को भी भारी बहुमत मिला था लेकिन वे हमेशा संसद में मौजूद रहते थे। गौरतलब है कि धर्मातरण कराने वाले हिंदूवादी संगठन इस कार्यक्रम को घर वापसी का नाम दे रहे हैं। वहीं वामपंथी नेता सीमाराम येचुरी ने कहाकि, क्या प्रधानमंत्री बहस के लिए आएंगे या नहीं? मोदी हमें अपने छह महीने के कामकाज का ब्यौरा दें। वहीं संसदीय कार्य मंत्री वैंकेया नायडू ने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहाकि, विपक्ष केवल हंगामा करना चाहता है, वह कोई काम नहीं होने देना चाहता। इसी मामले में मंगलवार को भी संसद में हंगामा हुआ था और राज्यसभा में विपक्षी सांसद वैल में आ गए थे। विपक्ष का कहना था कि, जब तक पीएम इस मामले में संसद में बयान नहीं देंगे तब तक कार्यवाही नहीं चलने दी जाएगी। हालांकि इस मामले में पीएम मोदी अपनी पार्टी के सांसदों को मर्यादा में रहने की हिदायत दे चुके हैं।
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।