पूरे उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड; घने कोहरे की चपेट में दिल्‍ली, दर्जनों ट्रेनें व उड़ानें प्रभावित
(DELHI, India) उधर, हिमाचल प्रदेश में हिमाचल प्रदेश में मौसम साफ होने के बावजूद कड़ाके की ठंड अब भी जारी है। पूरे उत्तर भारत में अब दिन के बाद अब रातें भी सर्द होंगी। उत्तर भारत में रविवार को सर्दी ने दिल्ली समेत कई जगह पांच साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया। मौसम विभाग के अनुसार, अभी मैदानी इलाकों में दिन का तापमान गिर रहा है। राष्ट्रीय राजधानी में ठिठुरन और बढ़ गई है और सोमवार को दिल्‍ली में आज सीजन का सबसे ठंडा दिन रिकार्ड किया गया। सोमवार को न्‍यूनतम तापमान 4.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस कम है। हवा में नमी से राजधानी के कई हिस्सों में घना कोहरा छाया रहा। कोहरे की वजह से 45 से अधिक ट्रेनें लेट चल रही हैं और आईजीआई एयरपोर्ट पर विजिबलिटी सौ मीटर रह गई। जिस वजह से 12 उड़ानें प्रभावित हुई। दक्षिण दिल्ली के हौज खास इलाके में रविवार रात को कोयले की अंगीठी जलाने के कारण तीन लोगों की दम घुटने से मौत हो गई जबकि चौथे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों की पहचान संतोष (33), राजेश (26) और उदय (45) के रूप में हुई है। मुन्ना (56) का गंभीर हालत में इलाज चल रहा है। इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में ठंड से 30 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। वहीं, कश्मीर घाटी में चिल्लई-कलां का दौर शुरू हो गया। इसी के साथ घाटी में मौसम की पहली बर्फबारी होने की संभावनाएं बढ़ गई हैं। हिमाचल में आदिवासी इलाकों और ऊंचे पहाड़ी इलाकों में तापमान जमाव बिन्दु से 15 से 20 डिग्री कम रहा। केलोंग, मनाली और काल्पा में न्यूनतम तापमान क्रमश: शून्य से सात, तीन और 1.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।