(Budhal, Rajauri)
जम्मू। भाजपा का केवल एक ही मुस्लिम चेहरा जम्मू-कश्मीर विधानसभा में पहुंच पाया है। प्रदेश के इतिहास में यह दूसरी बार है, जब भाजपा का कोई मुस्लिम प्रत्याशी विजयी रहा है। इससे पहले वर्ष 1972 में भारतीय जन संघ के शेख अब्दुल रहमान जम्मू उत्तर विधानसभा क्षेत्र से जीते थे। राज्य की 74 सीटों पर चुनाव लड़ने वाली भाजपा ने कुल 35 मुस्लिम प्रत्याशी उतारे थे, लेकिन जम्मू संभाग में सिर्फ कालाकोट के प्रत्याशी अब्दुल गनी कोहली ही जीत हासिल कर पाए। अब्दुल गनी ने छह हजार से अधिक अंतर से जीत हासिल की। उन्होंने 25 हजार 225 वोट मिले। यहां पर नेकां प्रत्याशी रछपाल सिंह 19 हजार 47 वोट लेकर दूसरे जबकि कांग्रेस प्रत्याशी अशोक शर्मा 10 हजार 520 वोट लेकर तीसरे स्थान पर रहे। इसके अलावा भाजपा के मुस्लिम प्रत्याशी केवल दो सीटों पर ही टक्कर दे पाए। जम्मू संभाग की इंद्रबल सीट पर भाजपा के तारिक कीन 17 हजार 384 वोट लेकर दूसरे स्थान पर रहे। यहां कांग्रेस के सरूरी विजयी रहे। राजौरी में भी भाजपा प्रत्याशी तालिब हुसैन 24 हजार 464 वोट लेकर दूसरे स्थान पर रहे। यहां पीडीपी प्रत्याशी कमर हुसैन ने जीत हासिल की। कश्मीर में पार्टी के हजरतबल प्रत्याशी हाकिम मसूद तथा अमीराकदल प्रत्याशी हिना भट्ट का प्रदर्शन भी अच्छा रहा। ये दोनों अपने विधानसभा क्षेत्र में तीसरे स्थान पर रहे। भाजपा के शेष 30 मुस्लिम प्रत्याशियों में से अधिकतर चौथे-पांचवें स्थान पर ही रहे।
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।