जम्मू-कश्मीर में सरकार गठन: 'PDP को BJP का ऑफर, दोनों पार्टियों के CM 3-3 साल तक रहें'
(DELHI, India) यहां पीडीपी सीटों के मामले में नंबर वन और बीजेपी दूसरे नंबर पर है। मौजूदा सियासी हालात में सरकार बिना किसी पार्टी के गठजोड़ के बनना नामुमकिन है। सूत्रों के मुताबिक यह कहा जा रहा है कि बीजेपी ने पीडीपी के साथ सरकार गठन करने का उसे ऑफर दिया है। इसके मुताबिक बीजेपी चाहती है कि दोनों पार्टियों के मुख्यमंत्री 3-3 साल तक रहें। लेकिन बीजेपी यह भी चाहती है कि पहला सीएम उसका हो। इस बीच पीडीपी की आज इस मसले को लेकर बैठक होनेवाली है। हालांकि पीडीपी ने संकेत दिए हैं कि केंद्र में बीजेपी की सरकार हैं, इसलिए वह उसके साथ जा सकती है। पीडीपी के नेता त्रिलोचन सिंह बाजवा ने कहा है कि पीडीपी राज्य की सबसे बड़ी पार्टी है और हम किसी सहयोगी पार्टी के साथ मिलकर सरकार बनाएंगे। आज पीडीपी की बैठक इस मामले में अहम है और माना जा रहा है कि वह सरकार गठन के मद्देजनर गठजोड़ पर फैसला ले सकती है। जम्मू कश्मीर में फिर से त्रिशंकु विधानसभा के बीच, भाजपा ने कहा कि नई सरकार के गठन के लिए उसने सभी ‘विकल्प’ खुले रखे हैं और संभावना है कि वह आगे की रणनीति पर फैसले से पहले पीडीपी और नेशनल कांफ्रेंस दोनों दलों के नेताओं के साथ पर्दे के पीछे से बातचीत करे। भाजपा में फैसला करने वाला सर्वोच्च समूह संसदीय बोर्ड आज बैठक कर राजनीतिक स्थिति पर चर्चा करेगा और इस दौरान सरकार गठन में आगे के कदम उठाने के लिए जम्मू कश्मीर और झारखंड दोनों के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किये जाने की संभावना है। जम्मू कश्मीर विधानसभा चुनाव के परिणामों में पीडीपी के बाद भाजपा के दूसरे सबसे बड़े दल के तौर पर उभरने के बाद पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘सभी विकल्प खुले हैं। भाजपा की सरकार बनाने का विकल्प खुला है। किसी को समर्थन देने का विकल्प भी खुला है। किसी और की सरकार में शामिल होने का विकल्प भी खुला है। सभी तीनों विकल्प खुले हैं।’ उन्होंने कहा कि भाजपा का फैसला दूसरे दलों की पहल पर भी निर्भर करेगा।
दूसरी तरफ नेशनल कॉन्फ्रेंस फिलहाल चुनावी नतीजों के बाद बैकफुट पर दिख रही है। लेकिन राज्य के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के बयानों से यह लगता है कि अगर उन्हें साथ मिले तो वह भी सरकार गठन की सोच सकते हैं। गौर हो कि जम्मू-कश्मीर में किसी पार्टी के पास बहुमत नहीं है। यहां मिली-जुली सरकार की ही संभावना है जो बीजेपी और एनसी या बीजेपी और पीडीपी या कांग्रेस और पीडीपी की हो सकती है। अब देखना यह है कि सरकार किन दो पार्टियों के गठजोड़ से बनती है। जम्मू कश्मीर में पीडीपी को 28, बीजेपी को 25, नेशनल कॉन्फ्रेंस को 15, कांग्रेस को 12 और अन्य को सात सीटें मिली है।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।