ओबामा की भारत यात्रा से पहले राजनाथ ने सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की
(DELHI, India) ओबामा गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में हिस्सा लेने के लिए भारत की यात्रा पर आ रहे हैं। उनकी यात्रा से पहले अंतर मंत्रालयी बैठक में देश की मौजूदा सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की गई। सेना अध्यक्ष दलबीर सिंह सुहाग ने संवादददाताओं को बिना ज्यादा ब्यौरा दिये सिर्फ इतना कहा कि हमने देश की सुरक्षा स्थिति पर चर्चा की। बैठक में हिस्सा लेने वालों में रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, विदेश सचिव सुजाता सिंह, सेना प्रमुख और खुफिया एजेंसियों के प्रमुख शामिल थे। सरकारी सूत्रों ने बताया कि बैठक में भारत के पड़ोस की सुरक्षा स्थिति, असम में हाल में हुई हिंसा और रविवार को बेंगलूरू में एक रेस्टोरेंट के बाहर हुए विस्फोट की घटनाओं के आलोक में मौजूदा सुरक्षा हालात की समीक्षा की गई। भारत ने भूटान और म्यंमार से उनके यहां पनाह लिये भारतीय उग्रवादी गुटों को वहां से बाहर करने के लिए पहले ही संपर्क किया है। सूत्रों ने कहा, समझा जाता है कि बैठक में गणतंत्र दिवस के दौरान उठाये जाने वाले सुरक्षा कदमों के बारे में भी विस्तार से चर्चा की गई।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।