जम्मू-कश्मीर में सरकार गठन: पीडीपी अध्‍यक्ष महबूबा मुफ्ती ने राज्‍यपाल वोहरा से की मुलाकात
(JAMMUandKASHMIR, India) यह मुलाकात जम्मू के राजभवन में हुई। बताया जा रहा है कि सरकार गठन के मुद्दे पर महबूबा ने राज्‍यपाल से चर्चा की। इस बीच, महबूबा के पिता और पीडीपी के संरक्षक मुफ्ती मोहम्मद सईद पार्टी के भीतर लगातार विचार-विमर्श कर रहे हैं। वहीं, भाजपा इस बाबत अपना प्रस्ताव गवर्नर को एक जनवरी को दे सकती है। गौर हो कि राज्यपाल ने शुक्रवार को पीडीपी अध्यक्ष और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष जुगल किशोर शर्मा को अलग-अलग मुलाकातों के लिए आमंत्रित किया था ताकि जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाने के मुद्दे पर चर्चा की जा सके। अब तक किसी भी पार्टी या गठबंधन ने सरकार बनाने का दावा पेश नहीं किया है। अगली सरकार बनाने को लेकर पीडीपी पार्टी के भीतर संभावित गठबंधनों पर चर्चा कर रही है। पीडीपी की मुख्य प्रवक्ता नईम अख्तर ने यहां एक बयान में कहा कि सईद पार्टी के हर स्तर के कार्यकर्ताओं से लगातार विचार-विमर्श कर रहे हैं। जम्मू-कश्मीर में सरकार बनाने के सारे विकल्प खुले हैं। महागठबंधन भी विकल्प हो सकता है। सरकार बनाने को लेकर अभी तस्‍वीर साफ नहीं है। सरकार गठन को लेकर राज्यपाल एन एन वोहरा की ओर से तय की गई समयसीमा भी पूरी होने के करीब है। पीडीपी के प्रवक्ता ने बताया कि हम अब तक किसी समाधान तक नहीं पहुंच सके हैं। यह बड़ी मुश्किल स्थिति है और हम इसे राज्य की बेहतरी, इसके आर्थिक विकास एवं इससे जुड़ी राजनीतिक अनिश्चितता खत्म करने के एक मौके में तब्दील करने की पुरजोर कोशिश कर रहे हैं

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।