(GUJARAT, India)
अरब सागर में नौका में विस्फोट की घटना के मद्देनजर यहां सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। गुजरात की मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीन दिवसीय प्रवासी भारतीय दिवस में हिस्सा लेने के लिए गुरुवार को यहां आएंगे। मोदी आठ जनवरी की सुबह प्रवासी भारतीय दिवस का उद्घाटन करेंगे। वह कल करीब नौ बजे यहां आएंगे। मोदी कल सुबह करीब 8.30 बजे महात्मा मंदिर में ‘दांडी कुटीर’ का उद्घाटन करेंगे और करीब 10.00 बजे प्रवासी भारतीय दिवस का उद्घाटन करेंगे। तीन दिवसीय सम्मेलन भारत के विकास में विदेशों में रहने वाले भारतवंशियों के योगदान को रेखांकित करता है और इसका उद्देश्य भारत को व्यापक भारतवंशी समुदाय से जोड़ना और उनके ज्ञान, विशेषज्ञता तथा कौशल को एक मंच पर लाना है। यह भारत सरकार के प्रवासी भारतीय मामलों के मंत्रालय का प्रमुख आयोजन है। इस साल महात्मा गांधी के दक्षिण अफ्रीका से अपने देश वापस लौटने के सौ साल पूरे हो रहे हैं। वह 9 जनवरी, 1915 में भारत लौटे थे। गुजरात के मुख्य सचिव डीजे पांडियान ने संवाददाताओं से कहा कि गांधीजी भारत वापस लौटे थे और पूरे देश में घूमकर वास्तविक हालात को देखा। उन्होंने अपना पूरा जीवन देश की आजादी के लिए लगा दिया। विदेशों में रहने वाले भारतवंशी समुदाय की देश के विकास में योगदान की जिम्मेदारी है। गांधीनगर में महात्मा मंदिर में आयोजित सम्मेलन के पहले दिन विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और भारतीय अमेरिकी अंतरिक्षयात्री सुनीता विलियम्स ‘युवा प्रवासी भारतीय दिवस’ में भाग लेंगी। सुनीता की जड़ें गुजरात से जुड़ी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आठ जनवरी को सम्मेलन के मुख्य समारोह का उद्घाटन करेंगे। जिसमें दक्षिण अफ्रीका के विदेश मंत्री मैते निकोआना-माशाबाने विशिष्ट अतिथि तथा गुआना के राष्ट्रपति डोलैंड रामोतार मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे।
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।