पीएम की रैली में एक लाख से ज्यादा लोगों को लाने का लक्ष्य
(India)


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के बहाने रामलीला मैदान में शक्ति प्रदर्शन करने को भाजपा तैयार है। रैली में प्रधानमंत्री हरियाणा, महाराष्ट्र और झारखंड के मुख्यमंत्रियों का अभिनंदन कर जनता से दिल्ली में भी भाजपा का मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान करेंगे। रैली को सफल बनाने के लिए प्रदेश भाजपा के नेता लगभग एक सप्ताह से तैयारियों में जुटे हुए हैं। पार्टी नेताओं ने रैली को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। विधानसभा चुनाव की घोषणा से पहले शनिवार को रामलीला मैदान में होने वाली रैली में भारी भीड़ जुटाकर भाजपा नेता विरोधी पार्टियों पर मनोवैज्ञानिक बढ़त हासिल करना चाहते हैं। इसलिए एक लाख से ज्यादा लोगों को रैली में लाने का लक्ष्य है। इसके लिए 2200 बसों की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक बस का एक प्रभारी बनाया गया है, जिससे कि रैली में आने वालों को किसी तरह की असुविधा नहीं हो। भाजपा नेताओं ने बताया कि मुस्लिम समुदाय के लगभग पांच से सात हजार लोग भी रैली में शामिल होंगे। मुस्लिम इलाकों से लोगों को रामलीला मैदान तक लाने के लिए करीब डेढ़ सौ बसों की व्यस्था की गई है। रैली का समय सुबह ग्यारह बजे से दोपहर दो बजे तक निर्धारित है।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।