अमेरिका और भारत ने द्विपक्षीय संबंधों के मद्देनजर किया है भारी निवेश: जॉन केरी
(DELHI, India) अमेरिकी विदेश मंत्री जॉन केरी ने सोमवार को कहा कि भारत एवं अमेरिका ने द्विपक्षीय संबंधों में निवेश किया है और वे अधिक मजबूत, अधिक सुरक्षित और समृद्ध भविष्य का निर्माण करके इस रिश्ते को प्रगाढ़ बनाना जारी रखेंगे ताकि दुनिया को प्रभावित करने वाली नीतियों पर इसका असर पड़ सके। भारत दौरे पर आए जॉन केरी ने सोमवार को कहा कि दोनों देशों अमेरिका और भारत ने द्विपक्षीय संबंधों के मद्देनजर भारी निवेश किया है। गांधीनगर में 7वें वाइब्रेंट गुजरात समिट को संबोधित करते हुए केरी ने आज कहा कि यही वो समय है जब दुनिया की सबसे पुरानी लोकतंत्र और बड़ी लोकतंत्र एक दूसरे के साथ अपने संबंधों और रिश्‍तों को और मजबूत कर रहे हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्‍य अधिकारियों के साथ चर्चा के दौरान हमने आर्थिक संबंधों की प्रगति और इसे और आगे ले जाने को लेकर समीक्षा की। उन्‍होंने कहा कि हम इन आर्थिक संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए बहुत कुछ कर सकते हैं। हम इस दिशा में काम करना जारी रखेंगे। गौर हो कि भारत में अमेरिकी निवेश 2.4 बिलियन अमेरिकी डॉलर से बढ़कर 28 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक जा पहुंचा है। उन्‍होंने यह भी कहा कि एक दूसरे की सफलताओं में निवेश दोनों देशों के हित में है। केरी ने चार प्रमुख क्षेत्रों-जलवायु परिवर्तन, रक्षा, असैन्य परमाणु और आर्थिक साझीदारी का उल्लेख किया जिन पर इस महीने के आखिर में अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच होने वाली वार्ता में प्रमुख रूप से जोर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि दोनों देश समुद्री सुरक्षा, पूरे क्षेत्र में उड़ान और नौवहन की स्वतंत्रता को सुरक्षित करने तथा आतंकवाद, समुद्री लूट और जनसंहारक हथियारों के प्रसार का मुकाबला करने में साझीदारी को मजबूत करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।

Digital Desk: Shiv Kishor

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।