(DELHI, India)
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को उनके पूर्व सहयोगियों से घेरने की भाजपा की मुहिम में अगला नाम लक्ष्मी नगर के पूर्व विधायक विनोद कुमार बिन्नी ने का जुड़ गया है। आप की पूर्व सदस्य शाजिया इल्मी के बाद अब बिन्नी ने भी भाजपा का दामन थाम लिया है। संभावना जताई जा रही है कि उन्हें या तो केजरीवाल के विश्वस्त सहयोगी मनीष सिसोदिया के खिलाफ पटपड़गंज से या लक्ष्मी नगर से भाजपा चुनाव में उतार सकती है। पिछले चुनाव में बिन्नी ने लक्ष्मीनगर से किरण वालिया जैसे कद्दावर कांग्रेसी नेता को आप की टिकट से पराजित किया था।भाजपा का दामन थामते ही बिन्नी ने आप पर हमले तेज कर दिए। उन्होंने कहा कि आप में सिर्फ छल-कपट की राजनीति होती है। उन्होंने भाजपा में आकर दिल्ली में नई राजनीति का आगाज करने का वादा किया।शनिवार शाम को उन्होंने दिल्ली प्रदेश कार्यालय पहुंचकर सतीश उपाध्याय से मुलाकात की। हालांकि बिन्नी अभी खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे थे। उन्होंने कहा कि अभी इंतजार करें शीघ्र अपनी रणनीति का खुलासा करूंगा।गौरतलब है कि आप के टिकट पर बिन्नी लक्ष्मीनगर विधानसभा सीट से चुनाव जीते थे, लेकिन केजरीवाल से मतभेद होने के कारण उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी। इसके बाद से उनके भाजपा में शामिल होने को लेकर अटकलें लगनी शुरू हो गई थीं। उन्होंने इस बार लक्ष्मीनगर के बजाय नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से केजरीवाल को चुनौती देने का एलान कर दिया है। हालांकि, अब तक यह तय नहीं हो सका है कि यदि वह भाजपा में शामिल होंगे तो उन्हें पार्टी नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से चुनावी समर में उतारेगी या नहीं।
Digital Desk: Shiv Kishor
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।