उत्तर पूर्वी अमेरिका में स्थित पांच राज्य जबरदस्त बर्फीले तूफान की चपेट में हैं। मैसाचुसेट्स व कनेक्टिकट तो पूरी तरह बर्फ में ढक गए हैं। इन राज्यों के कई इलाकों में सोमवार रात दो फुट तक बर्फ गिरी। आशंका के विपरीत हालांकि न्यूयॉर्क में ज्यादा बर्फबारी नहीं हुई। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद पहले न्यूयॉर्क समेत पांच राज्यों में स्नो इमरजेंसी घोषित कर दी गई थी। न्यूयॉर्क में सड़क यातायात पर पाबंदी लगा दी गई थी, जो मंगलवार सुबह हटा ली गई। इस बर्फीले तूफान से छह करोड़ से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं। न्यूयॉर्क, न्यूजर्सी, कनेक्टिकट, रॉड आइलैंड, मैसाचुसेट्स व न्यू हैंपशायर में हजारों उड़ानें रद कर दी गई हैं। सबवे, बस व रेल सेवा ठप हो गई हैं। स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। न्यूयॉर्क में हालांकि मौसम विभाग की तीन फीट तक बर्फ गिरने की चेतावनी गलत साबित हुई। इसके चलते शहर में पहली बार सबवे भी बंद कर दिए गए थे, लेकिन मंगलवार सुबह इन्हें खोल दिया गया।भीषण तूफान के कारण मैसाचुसेट्स स्थित परमाणु ऊर्जा संयंत्र को बंद कर दिया गया है। प्लाईमाउथ के पिलग्रिम परमाणु संयंत्र के अधिकारियों ने एक बयान में कहा कि मौसम में खराबी के कारण संयंत्र से ग्रिड तक बिजली पहुंचाने वाली पारेषण लाइन ने काम करना बंद कर दिया, जिसके बाद संयंत्र को रोकना पड़ा। अधिकारियों ने कहा कि संयंत्र पूरी तरह सुरक्षित है और इससे कर्मचारियों या जनता को कोई खतरा नहीं है।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।