भारी बारिश के चलते फिर से हुए भूस्खलन के बाद आज लगातार तीसरे दिन भी जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग यातायात के लिए बंद रहा। इस वजह से कश्मीर की ओर जाने वाले 500 से ज्यादा यात्री फंस गए हैं। मौसम की खराब हालत को देखते हुए एहतियात के तौर पर अधिकारियों ने जम्मू से श्रीनगर जाने या दूसरी ओर से आने वाले किसी भी नए यातायात को अनुमति नहीं दी। पुलिस ने बताया कि राजमार्ग पर तीन से चार जगह पर फिर से भूस्खलन हुआ है। सीमा सड़क संगठन के कर्मी और मशीनें राजमार्ग को साफ करने में जुटे हैं। लेकिन लगातार हो रही भारी बारिश के चलते इस काम में काफी अड़चन हो रही है। राजमार्ग के बंद होने के चलते कश्मीर की ओर जाने वाले 500-600 यात्री जम्मू बस स्टैंड पर पिछले तीन दिनों से फंसे हुए हैं और उनकी मांग है कि उन्हें हवाईमार्ग से कश्मीर पहुंचाया जाए। उन्होंने यहां सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया और मांग की कि उन्हें रहने की सुविधा प्रदान की जाए। इसी बीच भूस्खलन के चलते बटोटे-डोडा-किश्तवाड़ के भीतरी संपर्क मार्गो को भी यातायात के लिए बंद कर दिया गया है । सड़कों पर यातायात बहाल करने के प्रयास जारी हैं।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।