वहीं जापान की कई बड़ी कंपनियां राजस्थान में निवेश करना चाहती हैं। पैनासोनिक, नॉरिताके और डाइकिन सहित कई कंपनियों के प्रतिनिधियों ने कहा कि वे राजस्थान में निवेश को लेकर उत्सुक हैं। मुख्यमंत्री ने ओसाका में कनसाई इकोनॉमिक फैडरेशन और जापान एक्सटर्नल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन के सदस्यों के साथ वार्ता कर उन्हें प्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने जापानी व्यापार जगत के प्रमुखों से कहा कि वे राजस्थान को तेजी से बढ़ते भारतीय बाजार के गेटवे के तौर पर देखें। राजे ने पैनासॉनिक कॉर्पोरेशन बोर्ड के वाइस चेयरमैन, मासायुकी मात्सुशिता से मुलाकात कर राजस्थान को एक प्रमुख इन्वेस्टमेंट डेस्टिनेशन के रूप में प्रस्तुत किया। मात्सुशिता ने कहा कि प्रदेश में मौजूदा सरकार द्वारा औद्योगिक क्षेत्र में किए गए सुधारों के बारे में जानकर वे उत्साहित हैं। उन्होंने आश्वस्त किया कि उनकी कंपनी राजस्थान को इन्वेस्टमेंट डेस्टीनेशन के तौर पर प्राथमिकता देगी। मुख्यमंत्री ने डाइकिन कंपनी के ओसाका स्थित ग्लोबल मुख्यालय का दौरा किया। यह कंपनी नीमराणा स्थित जापानी जोन में पहले से ही काम कर रही है। मुलाकात के दौरान डाइकिन के प्रेसीडेंट मासानोरी तोगावा को राजस्थान पर आधारित संक्षिप्त फिल्म दिखाई गई। राजे ने नगोया स्थित टेबलवेयर और टेक्नोलॉजी कंपनी नॉरिताके के संयंत्र का भी दौरा किया। उन्होंने जिप्सम, फेल्डस्पार, क्वार्ट्ज और वोलास्टोनाइट के विशाल प्राकृतिक भंडारों की राज्य में उपलब्धता को देखते हुए नॉरिताके कंपनी को राजस्थान में प्लांट स्थापित करने के लिए आमंत्रित किया।
Author: JAN TV Editorial Team
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।