आंधी और बारिश ने उत्तर प्रदेश में ली 15 लोगों की जान
(India)
बेमौसम बरसात और भूकम्प के कहर से उबर भी नहीं पाये थे कि आयी तेज आंधी के साथ बारिश ने उत्तर प्रदेश में 15 लोगों की जान ले ली तथा 50 से अधिक घायल कर दिया। आंधी की वजह से नेपाल के भूकम्प पीडितों के लिए गोरखपुर विश्वविद्यालय में बना राहत शिविर भी उजड गया, हालांकि जिला प्रशासन ने शिविर को विश्वविद्यालय के एक भवन में शिफ्ट कर दिया।सुबह आयी इस आपदा से किसानों की बची खुची आशा भी क्षीण हो गयी क्योंकि आंधी पानी में शेष फसल भी नष्ट हो गयी। बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से बर्बाद हुए किसान अब पूरी तरह सडक पर आ गए हैं।आंधी से बिजली के तार पर गिरे पेड की वजह से लखनऊ और कानपुर के बीच रेल यातायात करीब पांच घंटे बाधित रहा। कई महत्वपूर्ण रेलगाडियां जहां थी वहीं खडी कर दी गयीं। मुरादाबाद में एक बडा रेल हादसा टल गया। आंधी की वजह से दिल्ली से लखनऊ आ रही एसी सुपरफास्ट एक्सप्रेस पर बिजली का तार टूटकर उलझ गया। आननफानन में बिजली काट दी गयी जिससे बडा हादसा टल गया। रायबरेली के जिलाधिकारी के अनुसार भदोखर क्षेत्र में सेवकी का पुरवा गांव में बिजली गिरने से तीन लोगों की मृत्यु हुई है जबकि अमेठी के मुंशीगंज क्षेत्र में महुआ बीनने गयी दो महिलाओं की मृत्यु हो गयी और एक गंभीर रुप से घायल हो गयी।कासगंज में दीवार गिरने से चार लोगों की मृत्यु हुई है। इस हादसे में दो लोगों के घायल होने की भी सूचना है। सोरो क्षेत्र में दीवार गिरने से 20 साल के अंशुल और बडौदा गांव में दीवाल गिरने से 16 साल की बबिता की मलबे में दबने से मौत हो गयी। बाजनगर में 12 साल की लडकी और सुन्नगढी क्षेत्र में छप्पर गिरने से 55 वर्षीय उदयवीर सिंह की मृत्यु हो गयी।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।