सरकार और गुर्जरों में सुलह के आसार
(India)
आरक्षण की मांग लेकर दिल्ली-मुंबई रेलवे टै्रक पर डटे गुर्जर समाज ने नरमी के संकेत दिये हैं। गुर्जर आंदोलनकारी सरकार से वार्ता के लिए तैयार हो गए हैं। गुर्जर आरक्षण आंदोलन समिति के संयोजक कर्नल किरोड़ी सिंह बैंसला ने भी माना कि वार्ता के बिना कुछ संभव नहीं है। भरतपुर जिले में समोगर और पीलूपुरा के मध्य ट्रैक घेर कर बैठे गुर्जरों ने सरकार से वार्ता के लिए अपनी छह सदस्यीय समिति गठित कर दी है। सरकार की तरफ से तीन मंत्रियों की समिति बनाई गई है। आज शाम तक बयाना में दोनों पक्षों में वार्ता होगी। मगर बैंसला ने साफ कर दिया कि समाज की समिति सरकारी प्रतिनिधियों से केवल वार्ता करेगी, समझौता नहीं। वार्ता में जो भी बात सामने आएगी, उस पर समाज की पंचायत में मंथन होगा और सर्वसहमति से ही निर्णय किया जाएगा। इससे पहले शुक्रवार को सुबह सरकार की ओर से भरतपुर के एडीएम सिटी विशम्भरलाल ने पीलूपुरा दिल्ली-मुम्बई रेलवे ट्रेक पर पहुंच गुर्जर नेताओं को सरकार की चिट्ठी का बंद लिफाफा सौंपा था। बैंसला ने एडीएम को दो-तीन घंटे के बाद जवाब देने की बात कही थी, लेकिन शाम तक आंदोलन समिति के पदाधिकारी एक राय नहीं बना पाए।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।