हिमाचल में भारी बारिश
(India)
शिमला में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है। ऊना से लेकर लाहौल स्पीति तक भारी बारिश हुई है। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने 11 जुलाई तक प्रदेश में भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। यह चेतावनी मैदानी व कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों के लिए जारी की गई है। मौसम विभाग ने सभी को एहतियात बरतने को कहा है। भारी बारिश में लैंड स्लाइड की संभावना बढ़ गई है, जो नुकसान का कारण बन सकता है। मंगलवार को प्रदेश भर में हुई भारी बारिश से जगह-जगह नुकसान हुआ है। स्वारघाट में भारी बारिश से कुटैहला पंचायत के अंतर्गत पंजपीरी-बागछाल सड़क पर मलबा गिरने से यातायात ठप हो गया है। लोगों के घरों में बारिश का पानी घुसने के साथ फसलों को भी नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों ने बताया कि फोरलेन के काम के चलते फोरलेन का सारा मलबा पंजपीरी-बागछाल संपर्क सड़क पर पहुंच गया है। ढली के पास सिकरी ढांक स्कूल के पास बारिश से डंगा गिर गया। डंगे से निकले पत्थरों के नीचे एक मारुति कार दब गई। इससे कार बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई है। यह मारुति कार स्थानीय निवासी पंकज पटियाल की बताई जा रही है। इसके अलावा बारिश से केंद्रीय विद्यालय जाखू जाने वाले रास्ते में दरारें आ गई हैं। आईजीएमसी के गेट के पास दो गाड़ियों पर पेड़ गिर गया। उधर हमीरपुर में डीसी रोहन चंद ठाकुर ने लोगों से नदी, नालोंके समीप न जाने के लिए कहा है।

Author: JAN TV Editorial Team

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।