उद्धव ठाकरे ने की सावरकर को भारत रत्न देने की मांग
(India)
शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने क्रांतिकारी नेता वीर सावरकर को लेकर कांग्रेस का मुंह हमेशा के लिए बंद कराने की खातिर उन्हें भारत रत्न देने की आज मांग की। उद्धव ने एक बयान में केंद्र में भाजपा की अगुवाई वाली सरकार से सावरकर को यह सर्वोच्च नागरिक सम्मान देने का आहवान किया। महाराष्ट्र में सावरकर बड़े सम्मान की नजर से देखे जाते हैं। पार्टी के एक अन्य नेता ने कहा कि महाराष्ट्र विधानसभा में यह मुद्दा उठाया जाएगा। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने इसी महीने लोकसभा में एक चर्चा में हिस्सा लेते हुए कहा था कि भाजपा सावरकर के आदर्शों पर चलती है जबकि उनकी पार्टी महात्मा गांधी द्वारा दिखाये गये रास्ते पर चलती है। विपक्षी दल ने पिछले हफ्ते एक बार फिर सावरकर पर निशाना साधा था जब उसने ट्वीट किया था, भगत सिंह ने ब्रिटिश राज से आजादी के लिए संघर्ष किया, वी डी सावरकर ने ब्रिटिश राज्य में दास बनकर रहने के लिए दया की भीख मांगी। भाजपा ने कांग्रेस से माफी मांगने या विरोध प्रदर्शन का सामना करने को कहा था। इस मुद्दे में शामिल होते हुए उद्धव ने कहा कि यदि राजग सरकार दक्षिणपंथी विचारक को भारत रत्न प्रदान करती है तो विरोध प्रदर्शन की जरूरत ही नहीं रहेगी।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।