अरविंद केजरीवाल ने राष्ट्रपति का किया अपमान : संवित पात्रा
(India) भाजपा के प्रवक्ता संबित पात्रा ने आम आदमी के नेता और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर पलटवार किया है. उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल सेवा नहीं कर रहे बल्कि मेवा ले रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने राष्ट्रपति का अपमान किया है. राष्ट्रपति ने उस बिल को मंजूरी देने से मना कर दिया था, जिसमें आम आदमी पार्टी (आप) के 21 विधायकों के संसदीय सचिव के पद को लाभ के पद से अलग करने का प्रस्ताव था. ऐसे में आम आदमी पार्टी के 21 सदस्यों की सदस्यता पर खतरा उत्पन्न हो गया है. पात्रा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल की सरकार आम जनता की समस्याओं को निपटाने की बजाय सुबह-शाम मोदी-मोदी का जाप करने में जुटी है.
दरअसल, दिल्ली सरकार उन्हें छूट देने के लिए जो विधेयक लाई थी, उसे राष्ट्रपति ने खारिज कर दिया. मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस घटनाक्रम पर कडी प्रतिक्रिया दी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा. केजरीवाल ने आरोप लगाया कि वह लोकतंत्र का सम्मान नहीं करते और ‘आप' से डरते हैं. राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी द्वारा संसदीय सचिव के पद को लाभ के पद से बाहर रखने संबंधी विधेयक को मंजूरी देने से इंकार करने को लेकर आयोजित बैठक की केजरीवाल ने अध्यक्षता की. बैठक में कई आप नेताओं ने केंद्र की कडी आलोचना की और उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति ने मोदी सरकार की सिफारिश पर विधेयक खारिज किया. केजरीवाल ने ट्विटर के जरिये अपनी नाराजगी जाहिर की.

Digital Desk: Manish Patwa

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।