नाराज बसपा कार्यकर्ताओं का लखनऊ में प्रदर्शन
(India)


बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाले दयाशंकर सिंह को भारतीय जनता पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया है। उनके निष्कासन के बावजूद अपने नेता के खिलाफ की गयी टिप्पणी से नाराज बसपा कार्यकर्ता आज लखनऊ में प्रदर्शन कर रहे हैं। हजरतगंज चैराहे पर स्थित डा० भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा के पास सुबह से ही कार्यकर्ताओं का जमावडा लगना शुरु हो गया। बसपा ने भाजपा कार्यालय का घेराव करने की घोषणा की है। बसपा ने अपने विधायकों, विधानसभा का चुनाव लड रहे उम्मीदवारों और अन्य कार्यकर्ताओं को लखनऊ पहुंचने का निर्देश दिया था। बसपा कार्यकर्ताओं के भाजपा कार्यालय को घेरने की चेतावनी दिये जाने के कारण पुलिस की पर्याप्त व्यवस्था की गयी है। रात से ही भाजपा कार्यालय पर पुलिस तैनात है। उनके खिलाफ कल देर रात ही हजरतगंज थाने में मुकदमा दर्ज करवा दिया गया था। बसपा सचिव मेवालाल गौतम की ओर से दर्ज करायी गयी रिपोर्ट में कहा गया है कि सिंह ने अपनी टिप्पणी के जरिये दलितों का अपमान किया है। दूसरी ओर भाजपा के प्रदेश महामंत्री विजय बहादुर पाठक ने कहा कि दयाशंकर को कल रात ही पहले उपाध्यक्ष पद से हटाया गया और बाद में पार्टी से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया। पार्टी महिलाओं और दलितों का पूरा सम्मान करती है। किसी को भी आपत्तिजनक टिप्पणी करने का अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि सिंह के खिलाफ की गयी कार्रवाई के बाद अब बसपा को प्रदर्शन किये जाने सम्बंधी अपने निर्णय पर पुनर्विचार करना चाहिए।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।