राजनाथ सिंह आज से श्रीनगर के दो दिवसीय दौरे पर
(DELHI, DELHI) जम्मू एवं कश्मीर में बिगड़ते हालातों के बीच केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह आज श्रीनगर जाएंगे। अपने दो दिवसीय दौरे में गृह मंत्री राजनाथ सिंह घाटी के हालातों का जायजा लेंगे जहां 8 जुलाई को हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर आतंकी बुरहान वानी के मारे जाने के बाद जमकर हिंसक विरोध-प्रदर्शन हो रहा है। हिंसक घटनाओं में 40 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी हैं और तीन हजार के करीब लोग घायल हुए हैं। घायलों में 900 सुरक्षा बल के लोग भी शामिल हैं। दौरे में राजनाथ सिंह समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों के साथ बातचीत करेंगे और घाटी में शांति बनाए रखने की अपील करेंगे। इसके अलावा वह श्रीनगर में कई प्रतिनिधिमंडलों के साथ मुलाकात भी करेंगे।
इससे पहले राजनाथ सिंह ने संसद में कश्मीर हिंसा के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने कहा था, ‘हमारे देश में विविधता में एकता है। संसद में भी ऐसा ही माहौल है। जम्मू-कश्मीर देश का मुकुट है। हमारे पड़ोसी की बुरी नजर कश्मीर पर है। कश्मीर के गौरव को बहाल करने के लिए यह सरकार काम करेगी। कश्मीर के हालात बिगाड़ने में पड़ोसी देश पाकिस्तान की भूमिका है।

Digital Desk: Manish Patwa

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।