दिल्ली पुलिस ने रविवार को ओखला से आम आदमी पार्टी के विधायक अमानतुल्ला खान को महिला से छेड़छाड़ और धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार किया है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण पूर्व) राजीव रंजन ने आईएएनएस को बताया, ‘‘हमने आज (रविवार) सुबह विधायक को गिरफ्तार कर लिया है। शिकायतकर्ता ने बताया है कि आरोपी उन्हें धमकी दे रहा है और साक्ष्यों से छेड़छाड़ करने की कोशिश कर रहा है।’’ अधिकारी ने बताया, ‘‘हम आज उन्हें अदालत में पेश करेंगे।’’ गौरतलब है कि एक 35 वर्षीय महिला ने 20 जुलाई को आप विधायक अमानतुल्ला खान पर कथित तौर पर धमकी देते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दक्षिण दिल्ली के जामिया नगर थाने में विधायक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी)की धारा 506 (धमकी देने) और 509 (शब्दों, भावों या कार्यों से महिला का अपमान करना) के तहत मामला दर्ज किया गया है। महिला द्वारा दर्ज शिकायत के मुताबिक, उसने 10 जुलाई को विधायक को फोन कर उन्हें खस्ताहाल बिजली आपूर्ति से अवगत कराया जिसके बाद वह दक्षिण दिल्ली के बाटला हाउस क्षेत्र में उनके निवास स्थान पर गई।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।