स्वाती सिंह को भाजपा दे सकती है टिकट
(India)
मायावती को गाली देने के आरोपी दयाशंकर सिंह की तलाश में पुलिस लगातार दबिशें दे रही है। मायावती समेत बसपा के तमाम नेता उन्हें जेल की खींखचों के पीछे चाहते हैं। मायावती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप भी लगाया था कि सपा और भाजपा मिली हुई हैं जिसके कारण सपा सरकार दयाशंकर सिंह को गिरफ्तार नहीं कर रही है। साफ है कि राजनीति चरम पर है लेकिन ऐसे में भाजपा के चेहरे पर भी थोड़ी खुशी दिखाई दे रही है और इस खुशी का कारण हैं स्वाति सिंह। स्वाति सिंह, दयाशंकर सिंह की पत्नी हैं। पिछले दिनों इस विवाद के बाद उन्होंने जैसे बसपा को आडे हाथों लिया, मायावती और नसीमुद्दीन सिद्दीकी के खिलाफ पुलिस में शिकायत की और मीडिया के सामने जिस तरह से आपना पक्ष रखा, उससे साफ है कि भाजपा को यूपी में एक नया नेता मिल गया है। इस पर जब यूपी भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता चंद्रमोहन से बात की गई तो उन्होंने कहा कि इस पर स्वाति खुद फैसला लें कि वे राजनीति में आना चाहती हैं या नहीं। और यह फैसला भी हाईकमान को करना है। चंद्रमोहन ने हालांकि स्वाति सिंह की तारीफ की और कहा कि उन्होंने बेहद साहस और हिम्मत का परिचय दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यूपी बीजेपी अध्यक्ष केशव मौर्या ने भी स्वाति की तारीफ की है और कहा है कि अगर वे राजनीति में आती हैं तो उनका स्वागत है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ने पर उन्हें चुनाव मैदान में भी उतारा जाएगा। हालांकि उन्होंने बेहद साफ तौर पर स्वाति के राजनीति में आने की बात नहीं कही लेकिन संकेत दिए कि उन्हें विधानसभा टिकट दिया जा सकता है।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।