शिवसेना का CM फडणवीस पर बड़ा हमला
(DELHI, DELHI) शिवसेना ने महाड त्रासदी (मुंबई-गोवा ब्रिज हादसा) को लेकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को आड़े हाथों लिया है. शिवसेना ने कहा कि उन्हें दुर्घटनास्थलों के हवाई दौरों को रोकना चाहिए. साथ ही मंत्रियों को राज्य के भीतर विमान से उड़ान भरने से रोकने की मांग की ताकि मंत्री महाराष्ट्र की सड़कों एवं पुलों की हालत समझ सकें. शिवसेना ने यह भी कहा कि ‘सरकार का महत्वाकांक्षी मेक इन महाराष्ट्र कार्यक्रम अच्छी गुणवत्ता वाली सड़कों एवं पुलों के निर्माण के साथ शुरू होना चाहिए. जिनके अभाव में कोई भी अन्य देश यहां निवेश करने का इच्छुक नहीं होगा.’ सरकार की सहयोगी पार्टी ने कहा, ‘एक दूसरे पर दोषारोपण करने और महाड त्रासदी पर केवल बैठकें करने के बजाए इस मसले पर गंभीर विचार किए जाने की आवश्यकता है.’
पार्टी ने अपने मुखपत्र ‘सामना’ में छपे एक संपादकीय में कहा, ‘साथ ही, यदि मुख्यमंत्री वास्तव में राज्य की सड़कों एवं पुलों की स्थिति समझना चाहते हैं और उचित लेखा परीक्षा कराना चाहते हैं तो उन्हें एवं अन्य मंत्रियों को राज्य का दौरा करते समय विमानों एवं हेलीकॉप्टरों का इस्तेमाल बंद करने की आवश्यकता है.’
सामना के अनुसार, ‘जिले के पालक मंत्रियों को उनके जिलों में विमान से जाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए. उन्हें टूटी फूटी सड़कों एवं पुलों से यात्रा करने और उसके बाद लेखा परीक्षा करने दीजिए. क्योंकि, जब मंत्रियों को जीवन का खतरा होगा तो लेखा परीक्षा एवं मरम्मत दोनों काम हो जाएंगे.’


Digital Desk: Manish Patwa

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।