न्यायाधीशों की नियुक्ति को लेकर राहुल ने साधा सरकार पर निशाना
(India)
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने न्यायाधीशों की नियुक्ति को लेकर उच्चतम न्यायालय की तीखी टिप्पणी को लेकर आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर प्रहार किया और कहा कि यह प्रधानमंत्री के लिए वास्तविकता की परख है। राहुल ने टवीट किया, प्रधानमंत्री के लिए उच्चतम न्यायालय की ओर वास्तविकता की परख है । यह कोई मोदी की, मोदी के द्वारा और मोदी के लिए सरकार नहीं है। उच्चतम न्यायालय ने उच्च न्यायालयों में मुख्य न्यायाधीशों एवं न्यायाधीशों के तबादले और उनकी नियुक्ति के कॉलेजियम के फैसले को लागू नहीं करने को लेकर शुक्रवार को केंद्र को तीखा संदेश दिया था और कहा था कि वह गतिरोध बर्दाश्त नहीं करेगा एवं इसे जवाबदेह बनाने के लिए दखल देगा। यह टिप्पणी करते हुए कि न्याय प्रणाली ठप्प हो रही है, प्रधान न्यायाधीश न्यायमूर्ति टी एस ठाकुर की अगुवाई वाली पीठ ने कहा था, हम न्यायाधीशों की नियुक्त में गतिरोध बर्दाश्त नहीं करेंगे क्योंकि इसकी वजह से न्यायिक कामकाज का गला घुंट रहा है। हम जवाबदेही तय करेंगे। न्यायमूर्ति ठाकुर शीर्ष अदालत के पांच सदस्यीय कॉलेजियम के प्रमुख भी हैं।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।