उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर सत्ता वापसी की कोशिश में जुटे कांग्रेस उपाध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ एक बार फिर निशाना साधा। यूपी के गोरखपुर में राहुल गांधी ने कहा कि मोदीजी ने छोटे किसानों का कर्ज माफ नहीं किया है और अमीर लोगों का कर्ज माफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि हमने किसानों का 70 हजार करोड़ का कर्ज माफ किया था और अब हम (कांग्रेस) एनडीए सरकार पर भी ऐसा करने का दबाव बनाएंगे। गोरखपुर में बुधवार को खाट सभा का आयोजन किया गया था। राहुल गांधी गोरखपुर के बीआरडी कॉलेज में इंसेफ्लाइटिस के मरीजों का हाल जानने भी पहुंचे थे। राहुल गांधी अभी गोरखपुर में एक रोड शो कर रहे हैं। इससे पहले देवरिया और कुशीनगर में आयोजित खाट सभा में भी राहुल गांधी ने किसानों के मुद्दे पर केंद्र और राज्य सरकार को घेरने की कोशिश की। गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में सत्ता का सूखा खत्म करने के लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कमर कस ली है। मंगलवार से उन्होंने प्रदेश में ‘किसान यात्रा’ की शुरुआत की। इस यात्रा के तहत राहुल गांधी किसानों से ‘खाट सभा’ में बात कर रहे हैं। गांधी की पहली खाट सभा देवरिया के रूद्रपुर में हुई। देवरिया में आयोजित खाट सभा के बाद कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी कंचनपुर इलाके के एक दलित के घर भी गए। कुशीनगर में आयोजित खाट सभा में राहुल ने कहा था कि अगर यूपी के सीएम और देश के प्रधानमंत्री दिल से किसानों का दर्द समझते हैं तो चीनी मिलों को खुलवाएं और किसानों का कर्ज माफ करें।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।