शनिवार सुबह भागलपुर कैंप जेल से सीवान के पूर्व सांसद मोहम्मद शहाबुद्दीन को रिहा कर दिया गया। पिछले 11 सालों से जेल में सजा काट रहे शहाबुद्दीन को पटना हाई कोर्ट ने गुरुवार को बेल दिया था। सीवान से रिलीज आदेश पहुंचने के वाद शहाबुद्दीन सुबह साढे सात बजे भागलपुर कैंप जेल से बाहर आ गए। जेल से छूटते ही शहाबुद्दीन ने कहा कि लालू ही उनके नेता हैं। मैंने कभी भी बैकडोर पॉलिटिक्स नहीं की है। मैं 13 साल बाद अपने गांव जा रहा हूं। जेल भेजने के पीछे नीतीश सरकार के हाथ के सवाल पर शहाबुद्दीन ने कहा कि नीतीश कुमार परिस्थितिवश सीएम बने हैं। सभी जानते हैं कि मुझे फंसाया गया है। मैं दस साल तक किसी के संपर्क में नहीं था। एक अन्य सवाल के जवाब में शहाबुद्दीन ने कहा कि सीवान में 22 लाख लोग रहते हैं। एक व्यक्ति क्या कह रहा है इसका कोई मतलब नहीं है। भाजपा नेता सुशील कुमार मोदी पर पूछे एक सवाल के जवाब में बाहूबली नेता व पूर्व सांसद ने कहा कि उन्हें कोई गंभीरता से नहीं लेता। मैंने कभी भी उन्हें गंभीरता से नहीं लिया। जेल के बाहर उनके स्वागत के लिए राजद और जदयू के कई एमएलए, एमएलसी, राजद के पदाधिकारी और काफी संख्या में समर्थक मौजूद थे। करीब 200 गाड़ियों के काफिले के साथ वे सीवान के लिए रवाना हुए।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।