राजस्थान से सटी सीमाओं पर पाकिस्तान पाक रेंजर्स के साथ सेना के जवानों को भी तैनात कर रहा है। खुफिया एजेंसियों ने सीमा पार हो रही हलचल की रिपोर्ट सरकार को दी है। इसमें बताया गया है कि पाकिस्तानी सेना की पाक रेंजर्स के साथ सीमा पर संदिग्ध गतिविधियां देखी गई हैं। पाकिस्तानी सेना के जमावड़े को देखकर बीएसएफ पूरी तरह से सतर्क है। साथ ही सेना को भी ऐसी लोकेशन पर रखने को कहा गया है जहां से जरूरी होने पर तुरंत जवाबी कार्रवाई की जा सके। खुफिया सूत्रों ने कहा कि गंगानगर से सटी सीमा पर पाकिस्तानी सैनिकों की हलचल देखी गई है। इसके अलावा जैसलमेर और बाड़मेर सीमा पर भी पाक रेंजर्स के साथ पाकिस्तानी सैनिकों को देखा गया है। सूत्रों ने कहा कि सैनिकों की लगातार आवाजाही से साफ संकेत है कि सीमा पर पाकिस्तान संदिग्ध गतिविधियों में लगा हुआ है। सीमा सुरक्षा बल के पूर्व एडीजी पी के मिश्र ने कहा कि पाक रेंजर्स के साथ पाकिस्तानी सेनाओं का जमावड़ा होने की खबर अनायास नहीं है। पाकिस्तान लगातार सीमा पर दबाव बढ़ाने की कोशिश कर रहा है। वह हर तरफ से दबाव बनाने की कोशिश कर रहा है। उसकी कोशिश है कि सीमा पर तनाव के मद्देनजर दुनिया के प्रभावशाली देश इस इलाके में दखल दें और पाक प्रायोजित आतंकवाद का मुद्दा गौण हो जाए। इस बहाने पाकिस्तान कश्मीर का राग भी अलापेगा। सूत्रों का कहना है कि पाकिस्तान ध्यान बंटाने के लिए अलग अलग सीमावर्ती इलाकों में हरकतें कर रहा है। भारतीय सीमाओं पर टोह लेने की भी कोशिश लगातार हो रही है।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।