समाजवादी पार्टी का रजत जयंती समारोह आज
(India)
घमासान के बीच समाजवादी पार्टी आज लखनऊ के जनेश्वर पार्क में रजत जयंती समारोह मना रही है। यूपी चुनाव को देखते हुए महागठबंधन की सुगबुगाहट के बीच लालू यादव, शरद यादव और एचडी देवगौड़ा लखनऊ पहुंच गए हैं।इससे पहले यूपी के सपा अध्यक्ष समारोह स्थल पर पहुंचे और कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। रजत जयंती का जश्न शुरू हो गया है। हालांकि बिहार के सीएम नीतीश कुमार इस समारोह का हिस्सा नहीं होंगे। एशिया के सबसे बड़े मैदान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। इस मौके पर सपा लखनऊ में जोरदार समारोह कर अपनी ताकत का एहसास कराने की जुगत में लगी है। इस समारोह में दिग्गज नेताओं के साथ सपा के 5 लाख कार्यकर्ता शामिल होंगे। कार्यकर्ता समारोह स्थल पर पहुंचने लगे हैं। सपा के इस मंच पर जहां पुराने जनता दल परिवार के हिस्से रहे नेता शिरकत करेंगे। वहीं सपा के अपने घर में चल रही रार के मद्देनजर एकजुटता का इम्तिहान भी रजत जयंती समारोह के मंच पर होगा। साथ ही यहां से यूपी चुनाव के मद्देनजर महागठबंधन की राह भी निकल सकती है। सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के कहने पर प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल यादव गैर भाजपाई व गैरकांग्रेसी नेताओं को इस आयोजन में लाने की कवायद कई दिनों से कर रहे हैं। मुलायम की कोशिश है कि सभी समाजवादी पार्टियों को एक छतरी के नीचे लाया जाए और यूपी के चुनाव में भाजपा के खिलाफ मजबूत गठजोड़ पेश किया जाए। सूत्र बता रहे हैं कि इन दलों के नेता सपा के आंतरिक घमासान शांत होने के इंतजार में हैं।

Digital Desk: Kamal

DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।