भाजपा के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने संसद नहीं चलने पर बुधवार को लोकसभा अध्यक्ष और संसदीय कार्यमंत्री पर गुस्सा निकाला। संसद में तीसरे सप्ताह भी लगातार विरोध होने पर आडवाणी ने लोकसभा चलाने के तरीके पर चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि ना संसदीय कार्यमंत्री और और ना ही लोकसभा स्पीकर सदन चला रहे हैं। आडवाणी को संसद में लगातार हो रहे विरोध-प्रदर्शन की वजह से संसदीय मंत्री अनंत कुमार से नाराजगी जाहिर करते हुए देखा गया है। आडवाणी ने अपनी नाराजगी उस वक्त जाहिर की जब विरोधी दलों के कुछ सदस्य सत्ता पक्ष की बैंच की ओर आए और नारे लगाने लगे। कांग्रेस और टीएमसी सांसदों द्वारा नारे लगाने के बाद लंच से पहले 15 मिनट के लिए सदन को स्थगित करने से पहले आडवाणी ने कहा, ‘ना ही स्पीकर और ना ही संसदीय कार्यमंत्री सदन चला रहे हैं। मैं स्पीकर के पास यह कहने जा रहा हूं कि वे सदन नहीं चला रही हैं। मैं इसे सार्वजनिक तौर पर कहने जा रहा हूं।’ इस दौरान कुमार चुपचाप उन्हें सुनते रहे। साथ ही अनंत ने मीडिया गैलरी की ओर इशारा करते यह भी कहा कि उनकी यह टिप्पणी मीडिया में रिपोर्ट कर दिया जाएगा। जब सदन को स्थगित किया गया तो आडवाणी ने लोकसभा के एक अधिकारी से पूछा कि सदन कितने बजे तक के लिए स्थगित किया गया है। जब उन्हें बताया कि दो बजे तक तो उन्होंने कहा, ‘अनिश्चित काल तक क्यों नहीं कर देते?’ इससे पहले भी आडवाणी ने सदन की कार्यवाही को लेकर कुमार से अपनी नाराजगी जाहिर की थी।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।