खादी ग्रामोद्योग कैलेंडर में पीएम मोदी की तस्वीर के बाद विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने महात्मा गांधी को लेकर विवादित बयान दिया है। हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री विज ने शनिवार को कहा कि महात्मा गांधी का नाम खादी से जुड़ने के कारण इसकी दुर्गति हुई। खादी के बाद अब धीरे-धीरे नोटों से भी गांधी जी की तस्वीर हट जाएगी। उन्होंने कहा कि जब से महात्मा गांधी की फोटो नोट पर लगी है, तब से नोट की कीमत गिरनी शुरू हो गई। विज ने अपने बयान में कहा कि पीएम मोदी खादी के लिए महात्मा गांधी से बेहतर ब्रैंड है। उन्होंने कहा कि जबसे खादी से गांधी का नाम जुड़ा है, तब से यह उठ ही नहीं सकी। यह डूब गई है। अनिल विज के इस बयान के बाद विपक्षी पार्टियों ने उन्हें निशाने पर ले लिया। मामले को बढ़ता देख भाजपा ने अनिल विज के बयान से किनारा कर कर लिया। भाजपा प्रवक्ता श्रीकांत शर्मा ने उनके बयान की निंदा की। उन्होंने कहा कि भाजपा इस बयान की निंदा करती है, यह उनकी व्यक्तिगत राय है। पार्टी से इसका कोई लेना देना नहीं है। वहीं हरियाणा के सीएम मनोहर खट्टर ने भी इस बयान को गलत बताया है। मामले के बढ़ता देख अनिल विज ने अपना बयान वापस ले लिया है। अनिल विज ने ट्विटर पर लिखा, महात्मा गांधी पर दिया बयान मेरा निजी बयान है। किसी की भावना को आहत न करे इसलिए मैं इसे वापस लेता हूं।
Digital Desk: Kamal
DISCLAIMER: इस वेबसाइट पर दी गई जानकारी केवल सामान्य एवं शैक्षणिक उद्देश्यों के लिए है। हमने जानकारी को सटीक रखने का प्रयास किया है, लेकिन इसकी पूर्णता या विश्वसनीयता की गारंटी नहीं दी जाती। तृतीय-पक्ष वेबसाइटों या स्रोतों की सामग्री पर हमारा नियंत्रण नहीं है। इस जानकारी के आधार पर लिया गया कोई भी निर्णय आपके अपने विवेक और जोखिम पर होगा।